रतलाम। खबरदार, यदि आपके परिवार के किसी युवा सदस्य को कोई व्यक्ति या संस्था फिल्म या टेलिविजन के क्षेत्र में कैरियर के सपने दिखा रही है तो सावधान हो जाईए। रतलाम शहर में फिलहाल 3 से 4 ऐसे बाहरी गिरोह सक्रिय है जो फिल्म या टेलिविजन के ऑडिशन के लिए पहले तो युवाओं को अपने पास बुलाते है और बाद में इनसे तगड़ी रकम की मांग करने लगते है। शहर में अब तक कई युवाओं के साथ इस तरह की ठगी के प्रयास हो चुके है।
कस्तूरबा नगर में रहने वाली अंजली(परिवर्तित नाम) ने एक इवेंट कंपनी के विज्ञापन से प्रभावित होकर ऑडिशन टेस्ट में भाग लिया। बाद में ऑडिशन इवेंट से जुड़े लोगों ने उसे मुंबई में काम दिलाने के लिए 1 लाख रूपए की मांग की। अंजली ने रूपयों के लिए अपने परिवार पर दबाव बनाया। हालांकि परिवार के लोग समझदार थे। रूपए देने से पहले इवेंट कंपनी की सच्चाई जानी तो पता चला कि मुंबई में काम दिलाने के बहाने ठगी इनका पेशा है। हालांकि इस मामले की पुलिस को शिकायत नहीं की गई। फिल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़े शहर के युवा हरीश दर्शन शर्मा के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बाहरी युवाओं के कुछ दल शहर में युवाओं को फिल्म और सीरियल में काम दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी की कोशिश में लगे है, हो सकता है कुछ मामलों में वे सफल भी हो गए हो लेकिन ठगी के प्रकरण सार्वजनिक नहीं हो पाए। हरीश दर्शन शर्मा के अनुसार यदि आपके परिवार के किसी सदस्य को फिल्म या सीरियल निर्माण के क्षेत्र में जाना ही है तो काम दिलाने वाली कंपनी या इवेंट संस्था की पहले अच्छे से पड़ताल कर ले।
