• Wed. Aug 12th, 2026

रतलाम ग्रामीण विधायक डामर का फिर से पंगा, इस बार निशाने पर जिपं सीईओ

BySurendra Jain

Oct 2, 2017

रतलाम। रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर के साथ अक्सर कोई न विवाद जुड़ा ही रहता है। हर एक या दो माह में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उनका कोई न कोई पंगा हो ही जाता है। सोमवार को एक बार फिर से ऐसा ही हुआ, इस बार निशाना बने जिला पंचायत सीईओ सोमेश मिश्रा।

सोमवार को जिला पंचायत द्वारा गांधी जयंती अवसर पर स्वच्छता प्रेरकों के सम्मान का कार्यक्रम सैलाना रोड़ स्थित एक होटल में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में विधायक मथुरालाल डामर पहुंचे और दर्शकों की अंतिम पंक्ति में जाकर बैठ गए। जिपं सीईओ सोमेश मिश्रा ने उन्हें देखा तो मंच तक लेकर आने लगे। विधायक डामर का कहना था- मुझे तो कार्यक्रम की सूचना तक नहीं दी गई, अब मंच पर क्यों ले जा रहे है। मनुहार के बाद विधायक मंच पर तो जाकर बैठ गए लेकिन विरोधस्वरूप किसी भी प्रेरक का सम्मान नहीं किया और अपनी कुर्सी पर ही बैठे रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात की। सीईओ के विषय में कहा- कब तक मेरा अपमान करोगे, पूर्व कलेक्टर के कार्यकाल में विधायकों को बकायदा लिखित में आमंत्रण पहुंचाया जाता रहा है। इस बार ऐसा क्यों नहीं किया गया। पंचायतें ओडीएफ करने के मामले में भी मजरे-टोलों को छोड़ दिया गया। केवल सड़क किनारे लगी पंचायतों को ही ओडीएफ किया जा रहा है। मेरे ही गांव में शौचालय बनाने वालों को भुगतान नहीं कर सके है। अधिकारियों का रवैया ठीक नहीं है, वे गाहे-बगाहे जनप्रतिनिधियों का अपमान करते रहते है। मीडिया से इस बातचीत के बाद विधायक कार्यक्रमस्थल से रवाना हो गए।

विधायक मथुरालाल डामर के विरोध पर जिपं सीईओ और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सोमेश मिश्रा ने मीडियाकर्मियों को बताया कि रतलाम ग्रामीण विधायक को भी जिले के अन्य विधायकों के साथ ही सूचना दी गई थी। उन्हें फोन नहीं लग पाया था इसलिए उनके पी.ए. को आमंत्रण की सूचना नोट कराई गई थी। चूक कहां हुई, इसकी जांच करवाई जाएगी।

error: Content is protected !!