रतलाम। खराब सड़क, गंदगी, मच्छरो की भरमार और सही समय पर सही फैसले नहीं ले पाने की नगर निगम के अधिकारियों की शिकायतों पर मंगलवार सुबह कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने खासी क्लास ले डाली। आयुक्त एस.के. सिंह को खूब खरी-खोटी सुनाई और कई सारे कामों की डेट लाइन तय कर दी। चेतावनी भी दी कि यदि तय समय पर काम नहीं हुए खैर नहीं।
सुबह करीब 9 बजे महापौर डा. सुनीता यार्दे के साथ कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल माईजी का मठ क्षेत्र के पास डायवर्ट पुलिया का काम देखने पहुंची। यहीं आयुक्त एस.के. सिंह व निगम के अन्य अधिकारियों को बुलाया गया। कलेक्टर ने आयुक्त से कहा- आज रात को 10:00 बजे में खुद छत्रीपुल के इस वेकल्पिक मार्ग पर चल कर माई का मठ तक जाउंगी। कलेक्टर ने तत्काल ही जेसीबी आपरेटर को निर्देशित कर पुराने क्षतिग्रस्त शौचालय को धराशायी कराया और ताबड़तोड़ कार्य प्रारम्भ करा दिया। इस मार्ग से पैदल यात्री एवं दो पहिया वाहन निकल सकेगें। यात्रियों की सुविधा के लिये रास्तें के दोनों ओर साईन बोर्ड लगाने को कहा गया है।
कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल ने निगम कार्यालय पहुंचकर सड़क निर्माण के टेण्डर संबंधी प्रक्रिया की पड़ताल की। उन्होंने मातहतों को आज ही टेण्डर कार्रवाही पूरी कर अवगत कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सड़कों के पेंचवर्क कार्य के प्रति असन्तोष जताया तथा सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
कब होगा दवा छिड़काव
प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन सहित मीडिया प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को बताया कि नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया रोधी दवा का छिड़काव लम्बें समय से नही किया गया है, कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये। निगम आयुक्त ने बताया कि दो फॉगिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
