रतलाम। मंगलवार दोपहर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में भाव विभोर कर देने जैसा दृश्य बन गया। आम लोगों की भीड़ के बीच कतार में लगते हुए एक महिला कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल तक पहुंची। कलेक्टर ने जैसे ही इस महिला से सवाल किया- बताईए आपकी क्या परेशानी है। महिला ने तत्काल ही मिठाई से भरा डिब्बा आगे कर दिया। उसकी आंखों में आंसू थे। कहने लगी, आपके कारण मेरे पति आज पूरी तरह स्वस्थ्य है, मैं आपका उपकार कभी नहीं भूल सकती।
दअसल, इस महिला के पति घनश्यामदास पिता साजनदास हार्ट पेशेंट थे। डाक्टर्स ने उन्हें बायपास सर्जरी की सलाह दी थी। गरीब महिला सर्जरी का खर्च नहीं उठा सकती थी। उसने जनसुनवाई में ही मदद के लिए आवेदन किया। इस महिला के पास बीपीएल कार्ड नहीं होने के कारण राज्य बीमारी सहायता निधी में उसे पात्रता नहीं मिल पा रही थी, कलेक्टर तन्वीं सुन्द्रियाल ने ताबड़तोड़ उसका बीपीएल कार्ड बनवाया और राज्य बीमारी सहायता निधि से उसकी मदद करवाई। इस महिला के पति की सर्जरी भी हो चुकी है और अब वह पूरी तरह स्वस्थ्य है।
