• Thu. Sep 17th, 2026

बिजली कंपनी का कारनामा -: बिल जमा, फिर भी काट दिया लोनिवि ईई के ऑफिस का कनेक्शन

BySurendra Jain

Sep 25, 2017

 

रतलाम। बिजली कंपनी की मनमानी का शिकार सोमवार को एक सरकारी विभाग भी हो गया। सोमवार दोपहर बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री(ईई) कार्यालय का ही कनेक्शन काट दिया। मजे की बात तो यह है कि जिस बकाया बिल की वसूली के लिए कनेक्शन काटा गया, वह बिल 24 घंटे पहले ही जमा हो चुका था। ओर भी मजेदार बात यह है कि यह बकाया बिल खुद ईई कार्यालय का नहीं था बल्कि आम जनता की सुविधा के लिए सालाखेड़ी फोरलेन पर रोशनी करने के लिए लिया गया था।

सोमवार दोपहर लोनिवि ईई कार्यालय में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था, अचानक ऑफिस के पंखे, कंप्यूटर व अन्य उपकरण बंद हो गए। कार्यालय के कर्मचारी यह सोचकर रह गए कि मेंटेनेंस के कारण बिजली बंद है। शाम को अंधेरा होने पर आसपास सभी दूर बिजली थी, केवल इसी कार्यालय में सप्लाय बंद था। तलाश की तो पता चला कि बिजली कंपनी के कर्मचारी दोपहर में ही खंबे से कनेक्शन काट गए है। तत्काल ही ईई जावेद शकील ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से बात की, उन्हें बताया गया कि आपके द्वारा सालाखेड़ी फोरलेन पर रोशनी के लिए लिए गए बिजली कनेक्शन का 95 हजार रूपया बकाया है। ईई जावेद शकील एक दिन पहले ही यह रकम जमा करवा चुके थे। आखिरकार बिजली कंपनी के अधिकारियों ने अपनी गलती मानी और दोबारा कनेक्शन जोड़ने के लिए कवायद शुरू की।

जल्दबाजी में लिया था कनेक्शन

सालाखेड़ी फोरलेन का निर्माण लोनिवि ने करवाया है, इसी विभाग ने सड़क पर सेंट्रल लाइटिंग भी करवाई है। 4 जून को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद इसका लोकार्पण करने वाले थे लिहाजा तत्कालीन  कलेक्टर के कहने पर लोनिवि ने ताबड़तोड़ बिजली कनेक्शन लेकर स्ट्रीट लाइट चालू करवाई। हालांकि कुछ समय बाद इसे नगर निगम को हेंडओवर कर दिया लेकिन तब तक लोनिवि कार्यालय पर बिजली कंपनी का 95 हजार रूपया बाकी हो चुका था।

वर्शन- गलतफहमी के कारण ऐसा हुआ। हम एक दिन पहले ही बिल जमा करा चुके थे। बिजली कंपनी के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, वे कनेक्शन वापस जोड़ने के लिए राजी हो गए है। – जावेद शकील, ईई लोनिवि

error: Content is protected !!