रतलाम। गौशाला रोड़ पर रहने वाले एड्वोकेट दशरथ बाफना के घर पर सोमवार सुबह चोरी हो गई। चोर बाफना के सूने मकान में किचन के रास्ते घुसे और आभूषणों सहित करीब 3 लाख रूपए का सामान चुरा ले गए। माणकचौक पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
माणकचौक थाने से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के चोरी उस समय हुई, जब एड्वोकेट बाफना धर्मपत्नी के साथ मार्निंग वॉक पर गए थे। एडवोकेट दशरथ बाफना ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे वे पत्नी के साथ में वॉक पर निकले थे। दोनों बेटे मकान के दुसरे हिस्से में सो रहे थे। सुबह सात बजे मार्निंग वॉक से लौटे तो चोरी की जानकारी मिली। श्री बाफना ने बताया कि बदमाश संभवत: कीचन के दरवाजे की चिटकनी खोलकर घर के अंदर घुसे। बदमाशों ने रुम में रखी अलमारी का ताला खोलकर जेवर और नगद रकम पर हाथ साफ कर दिया। अलमारी में रखी अटैचियों को भी बदमाशों ने बाहर निकालकर उसका सामान भी बिखेर दिया, अटैची में उन्हे कुछ नहीं मिला। श्री बाफना के अनुसार बदमाश अलमारी से 80 ग्राम वजनी सोने दो सोने के कड़े, सोने की 3 अंगूठी और 10-12 हजार नकदी चोरी कर ले गये। चोर करीब तीन लाख से अधिक के जेवर और नगदी ले गए।
