• Tue. Sep 15th, 2026

काम आया पूर्व महापौर का आईडिया, लोनिवि ऑफिस के सामने बनेगी पुलिया

BySurendra Jain

Sep 24, 2017

 

रतलाम। छत्रीपुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद से ही सामने आ रही ट्रेफिक संबंधी समस्या को सुलझाने के लिए अब नया हल तलाशा गया है। नगर निगम, आरडीए और लोनिवि ऑफिस से गुलाबचक्कर की ओर जाने वाले मार्ग के बीच नाले पर एक ओर अतिरिक्त पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इससे इस रूट पर दोनों तरफ ट्रेफिक चल सकेगा और गुलाबचक्कर, कोर्ट तिराहा के बीच जाम की स्थिति नहीं बनेगी। कम ही लोग जानते है कि यह आइडिया पूर्व महापौर शेलेंद्र डागा का है। उन्होंने ही सबसे पहले अतिरिक्त पुलिया निर्माण का सुझाव दिया था लेकिन अधिकारियों ने इसे दरकिनार कर दिया, बाद में शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने इसमें रूचि ली और अब प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने का काम शुरू हो गया है।

शनिवार शाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने अतिरिक्त पुलिया निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रूपए देने की घोषणा की, इतनी ही राशि निगम मद से मिलाई जाएगी। विधायक ने निगम आयुक्त को नियमों को शिथिल करते हुए तत्काल ही अतिरिक्त पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। पिछले दिनों जब कलेक्टर, एसपी जनप्रतिनिधियों के साथ ट्रेफिक समस्या का निदान तलाशने निकले थे तब पूर्व महापौर शेलेंद्र डागा ने ही लोनिवि ऑफिस के सामने अतिरिक्त पुलिया निर्माण का सुझाव दिया था लेकिन तब आयुक्त एस.के. सिंह का जवाब था-इतना रूपया आएगा कहां से।

प्रेसक्लब की मुहीम रंग लाई

अतिरिक्त पुलिया निर्माण, गुलाबचक्कर के बेरिकेड्स और कोर्ट तिराहे के गढ्‌ढो की समस्या पर शनिवार शाम प्रेसक्लब परिवार ने शहर की विभिन्न संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सर्वानुमति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि प्रशासनिक और निगम अधिकारी सोमवार सुबह तक इन समस्याओं का स्थाई निदान नहीं निकालेंगे तो प्रेसक्लब और शहर की अन्य संस्थाएं आंदोलनकारी कदम उठाएंगी। प्रेसक्लब अध्यक्ष सुरेंद्र जैन की अगुवाई में हुई इस बैठक के कुछ देर बाद ही अतिरिक्त पुलिया निर्माण का फैसला कर लिया गया।

…..

पुलिया से मिलेगा फायदा

  • लोनिवि ऑफिस के सामने अतिरिक्त पुलिया निर्माण से इस रूट पर दोनों तरफ से वाहन चलाएं जा सकेंगे, फिलहाल यह रूट वन-वे है।
  • स्टेशन रोड़ से कोर्ट तिराहे के सामने से होते हुए वाहन चालक गुलाबचक्कर, पुरानी पुलिया पार कर नगर निगम तक आ सकेंगे।
  • दूसरी तरफ से नगर निगम से लोनिवि कार्यालय, नईपुलिया से होते हुए गुलाबचक्कर, कालिकामाता, स्टेडियम फोरलेन होते हुए स्टेशन रोड की ओर जा सकेंगे।
error: Content is protected !!