रतलाम। सैलाना और रतलाम शहर के कस्तूरबा नगर इलाके में बीते एक सप्ताह में दिनदहाड़े हुई चोरी की 2 वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सैलाना में हुई लाखों की चोरी के मामले में तो पीड़ित परिवार का रिश्तेदार और पड़ौसी ही चोर निकला। दोनों ही वारदातों में चुराया गया सामान, नगद, आभूषण बरामद कर 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस कप्तान अमित सिंह ने शनिवार दोपहर संवाददाता सम्मेलन में इन दोनों ही वारदातों का खुलासा किया है।
….
पहली घटना- 16 सितंबर दोपहर करीब 2 बजे, सैलाना का रंगबाड़ी मोहल्ला। यहां रहने वाले मन्नालाल पाटीदार के कच्चे मकान की छत में लगी लकड़ी हटाकर चोर 95 हजार रूपए नगद और करीब 3.5 लाख रूपए के आभूषण चुरा ले गए थे। इस वारदात में पुलिस ने मन्नालाल के पड़ौस में ही रहने वाले निरंजन पिता राजाराम पाटीदार और उसके साथी कैलाश पिता रकमा भील निवासी केसरपुरा को गिरफ्तार किया है। निरंजन की अपनी खुद की 25 बीघा जमीन है, वह परिवार से सम्पन्न है बावजूद इसके उसने यह चोरी की और चोरी का माल कैलाश भील के खेत पर छुपाया।
दूसरी घटना- 21 सितंबर दोपहर करीब 2 बजे, कस्तूरबा नगर। यहां रहने वाले देवेंद्र प्रसाद पिता रामअवतार यादव इप्का फेक्ट्री में काम करते है। अज्ञात बदमाश उनके सूने मकान के दरवाजे का नकूचा तोड़कर लैपटॉप, एलईडी, सेट टॉप बाक्स सहित करीब 46 हजार रूपए कीमत का सामान चुरा ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने वीरेंद्र सिंह पिता बहादुर सिंह तंवर निवासी दीनदयाल नगर और महजर पिता युनूस खान निवासी जयभारत नगर को गिरफ्तार किया है। दोनों ही नशे के आदी है और नशे के लिए रूपए जुटाने की नियत से ही इन्होंने चोरी की थी।
