• Tue. Sep 15th, 2026

ऑटो कॉल रिकार्डर, वीडियो फुटेज से मिले सुराग-हत्या के 5 संदिग्ध आरोपी हिरासत में

BySurendra Jain

Sep 22, 2017

 

रतलाम। कॉलेज रोड पर गुरूवार रात हुए तरूण सांकलिया हत्याकांड मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लग गए है। तरूण अपने मोबाइल फोन में ऑटो कॉल रिकार्ड ऑन रखता था। उसके फोन के लास्ट कॉल में गोली चलने की आवाज भी रिकार्ड हुई है। इसके अलावा नजदीक की एक दुकान के बाहर लगे क्लोज सर्किट कैमरे के फुटेज भी अहम सुराग के रूप में पुलिस के हाथ लगे है। शुक्रवार दोपहर तक इस मामले में पुलिस 5 संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले चुकी है।

शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में कलेक्टर, एसपी सहित जिले के अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल हुए। दोपहर तक शहर में दूसरे शहरों से बुलाया गया अतिरिक्त फोर्स भी तैनात कर दिया गया था। पुलिस कंट्रोल रूम पर ही मीडियाकर्मियों से बातचीत में एसपी अमित सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा की और शहर में धारा 144 नहीं लगाने का फैसला किया। एसपी ने कहा-दरअसल धारा 144 लगाने जैसी स्थिति भी नहीं है। एसपी अमित सिंह ने बताया कि वारदात में शामिल 5 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है और फिलहाल अपराध की कड़िया मिलाई जा रही है। जल्द ही इस कत्ल का खुलासा कर दिया जाएगा।

error: Content is protected !!