रतलाम। महापौर परिषद(एमआईसी) में बुधवार दोपहर नगर निगम आयुक्त एस.के. सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। एमआईसी के सभी 8 सदस्य आयुक्त की कार्यप्रणाली से खासे नाराज थे। बैठक से जाते-जाते महापौर डा. सुनीता यार्दे भी निगम सचिव से कहती गई- जोशी जी आप प्रस्ताव तैयार कर लो, मैं भी साइन कर दूंगी।
बुधवार दोपहर एमआईसी की बैठक छत्रीपुल और कोर्ट तिराहा से फव्वाराचौक कांक्रीट सड़क के निर्माण की दर स्वीकृति के लिए बुलाई गई थी। इस बैठक की शुरूआत ही हंगामे के साथ हुई। नेता प्रतिपक्ष और जलकार्य समिति प्रभारी प्रेम उपाध्याय ने आयुक्त से सवाल किया- पिछली बैठक में हमने दवा छिड़काव, मेला क्षेत्र में मुरम बिछाने और सफाई के लिए गैंग लगाने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा था, उनका क्या हुआ। आयुक्त का जवाब था-प्रस्ताव तैयार करवा रहे है। फिर क्या था, बाकी सदस्य भी आयुक्त पर नाराज होने लगे। विद्युत एवं यांत्रिकी समिति प्रभारी सूरज जाट बोले- जब काम करवा ही नहीं सकते तो यहां क्यों है। रेखा जौहरी ने आपत्ति ली, कहा- ऐसे तो हम आपको ज्यादा समय तक नहीं झेल पाएंगे। लेखा समिति प्रभारी मनीषा शर्मा ने भी आयुक्त की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। सभी सदस्यों ने एकमत होकर सचिव जसवंत जोशी को कहा- जोशी जी आप अविश्वास प्रस्ताव तैयार किजिए, हम शासनस्तर पर बात करेंगे। जाते-जाते महापौर भी इस पर सहमति जता गई।