खबर पक्की, 15 सितंबर, रतलाम। जिले के सैलाना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा ने मंगलवार को हॉस्टल में फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा की मौत का कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना से कुछ घंटे पहले ही वह अर्थशास्त्र की परीक्षा देने पहुंची थी। जांच के दौरान उसके पास से नकल की पर्ची मिली थी। इसके बाद टीचर ने उसे परीक्षा से बाहर कर हॉस्टल भेज दिया था।
मृतका की पहचान वर्षा पिता टीकाराम सोलंकी निवासी मेवाड़ पंथ, जिला देवास के रूप में हुई है। वह स्कूल में 12वीं आर्ट्स की छात्रा थी। इन दिनों स्कूल में छमाही परीक्षाएं चल रही थीं। सोमवार को अर्थशास्त्र का आखिरी पेपर था। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक थी।
नकल की पर्ची मिलने पर परीक्षा से बाहर किया था
परीक्षा के दौरान टीचर प्रीति लांबा जांच के लिए पहुंचीं थी। उन्होंने बताया कि छात्रा पर शंका होने पर उसकी जांच की गई। इस दौरान उसकी जेब से नकल की पर्ची मिली। टीचर ने उसकी परीक्षा शीट लेकर उसे परीक्षा से बाहर कर दिया।
करीब 11.30 बजे उसे हॉस्टल भेज दिया गया। टीचर के अनुसार, छात्रा पहले से परेशान दिखाई दे रही थी, लेकिन उसने किसी से कोई बात नहीं बताई थी। दोपहर 1.30 बजे परीक्षा खत्म होने के बाद अन्य छात्राएं हॉस्टल पहुंचीं। यहां वर्षा पंखे से रस्सी के सहारे लटकी मिली। जानकारी मिलते ही स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की
सूचना पर सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस और एफएसएल अधिकारी घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रहे हैं। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
कक्षा 12वीं की छात्रा ने हॉस्टल में लगाई फांसी, मौत
