रतलाम। रतलाम जिले में जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों द्वारा तवज्जो नहीं दिए जाने की भाजपा जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान की आपत्ति के बाद मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री दीपक जोशी ने कलेक्टर श्रीमति तन्वी सुंद्रियाल से चर्चा की है। सर्किट हाउस पर दोपहर करीब 12.30 बजे अलग कक्ष में प्रभारी मंत्री, कलेक्टर, शहर विधायक चेतन्य काश्यप और भाजपा जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान के बीच चर्चा हुई। कक्ष के बाहर कोई बात सार्वजनिक नहीं हुई हालांकि वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने कयास लगाए है कि इस मीटिंग में प्रभारी मंत्री जोशी ने कलेक्टर से जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान देने को कहा है। सर्किट हाउस पर ही मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि कलेक्टर से बात हो चुकी है। आगे से जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को जनसंवाद, बैठक आदि की जानकारी निर्धारित समय पर दी जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने मीडियाकर्मियों को कहा- मैने जो बात कहीं थी वह किसी तरह की शिकायत नहीं थी। जनप्रतिनिधियों के मन की बात से प्रभारी मंत्री को अवगत कराना जरूरी था लिहाजा संतुलन की दृष्टि से इसका हल निकाला गया।
