रतलाम। छत्रीपुल का रास्ता बंद होने के बाद शहर के एक बड़े हिस्से में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सोमवार दोपहर तक गुलाब चक्कर और लोकेंद्र टॉकीज इलाके में 3 से 4 बार जाम लगने की नौबत आ गई। इस परेशानी का हल तलाशने के लिए खुद एसपी अमित सिंह अपनी टीम के साथ बाजार में निकले, शाम को कोर्ट तिराहा से गुलाबचक्कर होते हुए नगर निगम हाथीखाना तक के मार्ग को वन-वे कर दिया गया है। छत्रीपुल के पुर्ननिर्माण तक यह रूट वन-वे ही रहेगा।
रविवार सुबह छत्रीपुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद से ही अंबेडकर से मेहंदीकुई बालाजी के बीच का मार्ग बंद है। रविवार को बाजार में भीड़ कम होने के कारण यातायात में ज्यादा समस्या नहीं आई लेकिन सोमवार सुबह 10 बजे के बाद जैसे ही बाजार में लोगों का आवागमन बढ़ा परेशानी बढ़ती चली गई। गुलाबचक्कर और लोकेंद्र टॉकीज क्षेत्र में ज्यादा परेशान आई। सुबह करीब 11 बजे एसपी अमित सिंह ट्रेफिक थाने पहुंचे और यहां से अन्य अधिकारियों को साथ लेकर शहर में भ्रमण पर निकले। एसपी के भ्रमण के बाद शहर में यातायात के नए प्लान को लागू कर दिया गया।
यह रहेगी नई व्यवस्था
- कोर्ट तिराहा से गुलाबचक्कर, हाथीखाना होते हुए नगर निगम तक दोपहिया व हल्के चौपहिया वाहन चलेंगे। नगर निगम से कोर्ट तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को मोचीपुरा, सूरजपौर होते हुए चलाया जाएगा।
- स्टेशन रोड से चलने वाली मैजिक, टैंपो अब घोड़ा चौराहा से न्यू रोड़ होते हुए लोकेंद्र टॉकीज चौराहे तक पहुंचेंगे।
- इसी तरह नगर निगम की ओर से मैजिक, टैंपो व अन्य वाहनों को स्टेशन की तरफ जाने के लिए मोचीपुरा का रूट इस्तेमाल करना होगा।
