• Tue. Sep 15th, 2026

कलेक्टर के जनसंवाद पर भाजपा जिलाअध्यक्ष की आपत्ति, कहा- जनप्रतिनिधियों को सूचना तक नहीं दी जाती

BySurendra Jain

Sep 17, 2017

 

रतलाम। भाजपा में निचले स्तर के कार्यकर्ता नेताओं द्वारा सुनवाई नहीं करने और प्रशासन में अफसरों की मनमानी की शिकायतें करते रहते है। अब खुद भाजपा के जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने भी ऐसी ही एक शिकायत संगठन के आला पदाधिकारियों को की है। ताजा मामला, कलेक्टर द्वारा गांवो में किए जा रहे जनसंवाद कार्यक्रम से जुड़ा है। भाजपा जिला अध्यक्ष को इस बात पर आपत्ति है कि कलेक्टर के जनसंवाद कार्यक्रमों के बारे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सम्मान मिलना तो दूर जानकारी तक नहीं दी जा रही है। जिला अध्यक्ष ने प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और संगठन मंत्री प्रदीप जोशी को इसकी जानकारी दी है।

इसका खुलासा खुद भाजपा जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने किया। khabarpakki.com से बातचीत में भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के दौरो में कई जनप्रतिनिधियों ने मुझसे इस बारे में शिकायत की थी। बकौल श्री चौहान जनसंवाद कार्यक्रम जनप्रतिनिधि ही करे तो अच्छा है, अधिकारी तो जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए कामों पर अमलीजामा पहनाने के लिए होते है। रतलाम जिले में इसके ठीक उलट हो रहा है। कलेक्टर के जनसंवाद कार्यक्रमों के बारे में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करना तो दूर कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी जाती है। श्री चौहान ने बताया कि मैं इस बारे में संगठन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री के समक्ष आपत्ति दर्ज करा चुका हूं। जनप्रतिनिधियों को यदि जिले में पर्याप्त सम्मान नहीं मिलेगा तो अगले कदम उठाना होंगे।

नवरात्रि के पहले दिन संभव है जिला कार्यकारिणी की घोषणा

भाजपा जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान के अनुसार संगठन द्वारा तय तारीख 4 सितंबर से पहले ही जिले की कार्यकारिणी की सूची बनाकर प्रदेश को भेज दी गई है। यह सूची जल्द ही प्रदेश से जारी कर दी जाएगी। संभव है कि नवरात्रि के पहले ही दिन जिला पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी जाए।

error: Content is protected !!