• Sat. Sep 26th, 2026

बाइक पर जा रहे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

BySurendra Jain

Dec 15, 2020

खबर पक्की, 15 दिसंबर, रतलाम। बाइक पर घर लौट रहे एयू फायनेंस कंपनी के कर्मचारी 21 वर्षीय मुकेश निनामा की औद्योगिक थाना क्षेत्र के जुलवानिया मार्ग पर ग्राम मुंशीपाड़ा के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई। पहले उसकी मौत सड़क हादसे में होना माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान उसके शरीर पर रगड़ के निशान नहीं मिले व कनपट्टी के पास घाव मिला। सिर की जांच करने पर सिर में गोली फंसी हुई मिली। तब खुलासा हुआ कि उसे गोली मारी गई है। उसे किसने व क्यों गोली मारी, यह पता नहीं चल पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मुकेश निनामा पुत्र प्रभुलाल निनामा निवासी ग्राम बड़लीपाड़ा (रामपुरिया) सोमवार रात करीब 8 बजेे मुंशीपाड़ा के समीप सड़क किनारे गड्डे के पास मृत अवस्था में पड़ा था। उसकी बाइक भी पास में गिरी पड़ी थी। किसी ने उसे सड़क पर पड़ा देख ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी बीच मुकेश का बड़ा भाई लक्ष्मण निनामा भी मौके पर पहुंचा। तब उसने देखा कि मृत पड़ा युवक उसका भाई मुकेश है।
एम्बुलेंस बुलवाकर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। साथ ही उसकी मौत एक्सीडेंट में होना मानकर शव पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया। पुलिस ने रात में ही एक्सीडेंट में मौत मानकर मर्ग कायम किया था।
14 घंटे बाद चला हत्या का पता
मुकेश रात 8 बजे मृत मिला था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उसका पोस्टमार्टम किया गया, तब पता चला कि उसे गोली मारी गई है। पोस्टमार्टम के दौरान जब उसका शव चेक किया गया तो एक्सीडेंट जैसा कुछ नजर नहीं आया। उसके शरीर पर न तो रगड़ के निशान थे तथा न ही एक्सीडेंट में आने जैसी चोट थी। डॉक्टर ने बारीीकी से निरीक्षण किया तो पता चला कि उसकी कनपट्टी पर कान के नीचे चोट है। जांच करने पर सिर में गोली पाई गई। स्वजन व पुलिस को जब पता चला कि उसकी मौत एक्सीडेंट से नहीं हुई है, उसे गोली मारी गई है तो वे भी सकते में आ गए।
अधिकारी घटनास्थल पहुंचे, खाली खोखा मिलाा
एफएसएल अधिकारी डॉ.अतुल मित्तल, सीएसपी हेमंत चौहान, औद्योगिक क्षेत्र टीआई रेवलसिंह बरड़े सहित अन्य अधिकारी घटना स्थल पहुंचे तथा जांंच की। जांच के दौरान घटनास्थल पर पिस्टल की गोली का खाली खोखा मिला। पुलिस ने खाली खोखा बरामद कर लोगों से जानकारी ली, लेकिन किसी ने भी घटना के संबंध में कुछ नहीं बताया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे भी चेक कर रही है। उधर उसके भाई लक्ष्मण व अन्य स्वजन का कहना है कि उनकी व मुकेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उसे क्यों किसने मारा होगा, यह जांच का विषय है।
सात बजे घर जाने के लिए निकला था कार्यालय से
मुकेश फायनेंस कंपनी के दो बत्ती क्षेत्र स्थित कार्यालय में काम करता था। वह सोमवार सात बजे कार्यालय से बाइक पर घर जाने के लिए निकला था। वहां मुंशीपाड़ा होकर रोजाना घर आता-जाता है। वह मुंशीपाड़ा के पास
पहुंचा, तभी किसी ने पीछे से उसे गोली मारी व भाग गया।
भाई लक्ष्मण ने बताया कि मुकेश के पीछे वह तथा अन्य लोग अन्य बाइकों पर रतलामसे घर जा रहे थे। मुकेश बहुत आगे थे। जब वे घटनास्थल के पास पहुंचे तो भीड़ लगी हुई थी। भीड़ देखकर वह भी रुका तो लोगों ने बताया कि बाइक सहित एक युवक सड़क किनारे पड़ा है, जिसका शायद एक्सीडेंट हुआ है। उसने देखा तो वह उसका भाई मुकेश निकला। तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित किया गया।

error: Content is protected !!