रतलाम। स्वच्छता ही सेवा एवं जल रोको अभियान के शुभारंभ अवसर पर रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर और कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल के बीच हुई बहस तूल पकड़ गई है। विधायक डामर ने शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री दीपक जोशी से बात की और कलेक्टर के व्यवहार के प्रति नाराजगी भी जताई। जिले के कुछ भाजपा नेताओं ने भी कलेक्टर द्वारा विधायक को दिए गए जवाब पर नाराजगी जताई है।
शुक्रवार शाम को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में स्वच्छता ही सेवा एवं जल रोको अभियान का शुभारंभ हुआ था। इस दौरान विधायक मथुरालाल डामर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के गांवो में शौचालय बनवाने वाले लोगों को शासन की योजना के तहत स्वीकृत राशि नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल से की थी। कलेक्टर ने इस पर अटपटा जवाब दिया, कहा- विधायक जी, लोगों को समझाए, उनसे पूछे की क्या महिलाओं की इज्जत की कीमत 12 हजार रूपए है? विधायक मथुरालाल डामर की माने तो कलेक्टर से ऐसे जवाब की उम्मीद नहीं थी। समस्या सुनने और उसे सुलझाने के बजाए वे तर्क देने लगी थी। KHABARPAKKI.COM से बातचीत में विधायक डामर ने कहा कि मैने प्रभारी मंत्री दीपक जोशी को पूरा वाकया बताया है और उन्हें कलेक्टर के व्यवहार की जानकारी भी दी है। आगे जैसा शासन तय करे। इस मामले में जिले के कुछ वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की है।
मुझे भी चुभ रही है बात
ताजा मामला मेरे संज्ञान में नहीं है लेकिन इतना तय है कि जिले में अधिकारियों का व्यवहार जनप्रतिनिधियों के प्रति ठीक नहीं है। मै काफी समय से यह बात नोटिस कर रहा हूं, यह बात चुभ रही है। प्रभारी मंत्री व संगठन मंत्री को इससे अवगत भी करा चुका हूं। – कान्हसिंह चौहान, जिला अध्यक्ष भाजपा
