खबर पक्की, 26 नवंबर, रतलाम। औद्योगिक थाना क्षेत्र के जवाहर नगर के समीप स्थित राजीव नगर में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड (ट्रिपल मर्डर) को अंजाम देने वाले हत्यारोंं का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस को हत्यारों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। हत्या के बाद बदमाश मृतक परिवार के किराएदार का जो एक्टिवा वाहन लेकर भागे थे वह उनके घर से करीब ढाई किलामीटर दूर देवरा देव मंदिर के पास लावारिस में हालत मिला है। पुलिस ने एक्टिवा बरामद कर लिया है। पुलिस ने करीब सौ सीसीटीवी चेक किये हैंं।
एक कैमरे में एक्टिवा वाहन पर दो व्यक्ति घटना के बाद जाते कैद हुए हैंं इससे माना जा रहा है कि हत्याकांड को दो लोगों ने अंजाम दिया है। संपत्ति अथवा अन्य रंजिश को लेकर घटना अंजाम देने की शंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस अलग-अलग एंगल पर काम कर रही है। सीसीटीवी कैमरे चेक करने के साथ ही मृतकों के फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है और संदिग्धों, आसपास के लोगों, रिश्तेदारों आदि से भी पुलिस जानकारियां लेने में लगी हुई है।
गौरतलब है कि 25 नवंबर की रात 9 से 10 बजे के बीच राजीव नगर निवासी 50 वर्षीय गोविंद सोलंकी, उनकी पत्नी 45 वर्षीय शारदा और 21 वर्षे बेटी दिव्या सोलंकी कि उनके तीन मंजिला मकान के दूसरी मंजिल पर स्थित घर में अलग-अलग दो कमरों में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या करने के बाद तीसरी मंजिल पर रह रही किराएदार ज्वलिका चार्ल्स का का एक्टिवा वाहन लेकर बदमाश भाग गए थे। घटना का खुलासा 26 नवंबर की सुबह 8 बजे उस समय हुआ था , जब जो जवालिका एक्टिवा की चाबी लेने गोविंद के घर गई थी। दरवाजा अटका हुआ था, दरवाजा खोलने पर गोविंद खून से सना जमीन पर और उनकी पत्नी पलंग पर पड़ी हुई थी। वहीं अंदर के दूसरे कमरे में दिव्या भी खून से सनी मृत पड़ी हुई थी। पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि हत्यारे एक अन्य वाहन से आए थे उसे उन्होंने गोविंद के घर से काफी दूर खड़ा किया था और वहां से वे गोविंद के घर पैदल पहुंचे। हत्या करने के बाद किराएदार का एक्टिवा वाहन लेकर उस पर दोनों सवार हुए और वहां से भागे। इसके बाद वे अपने वाहन के पास पहुंचे और वहां से दोनों अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर भाग निकले। जिस तरह से तीनों को एक-एक मारकर घटना को अंजाम दिया गया है, उससे लगता है कि हत्यारे पेशेवर होंगे और हो सकता है कि उन्हें किसी ने हायर भी किया हो।
एसपी गौरव तिवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि अब तक 2 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए है। अलग-अलग टीमें हत्यारों का पता लगाने में जुटी हुई है। सीसीटीवी कैमरे में जो 2 लोग कैद हुवे हैं, उनके चेहरे रात का समय होने से स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे है । हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। जानकारी मिली है कि गोविंद ने कुछ दिन पहले 30 लाख रुपये में जमीन बेची थी। कलोगों का कहना है कि उनके घर कई लोगों का आना जाना लगा रहता था और शारदा शराब भी बेचती थी। हत्या का क्या कारण हो सकता है यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है जांच की जा रही है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज, दो लोगों ने दिया तिहरे हत्याकांड को अंजाम
