रतलाम। काटजू नगर में रविवार शाम एक वृद्ध महिला को उसी के घर में बंधक बनाकर लूटे जाने के मामले में नया ही खुलासा हुआ है। इस महिला के बेटे के दोस्त ने ही लूट की प्लानिंग की थी। उसने इस काम के लिए बाजना थाना क्षेत्र के गढ़ीगमना गांव में रहने वाले एक अन्य दोस्त की मदद ली थी। व्हाट्सएप पर वह लूट की प्लानिंग की जानकारी लुटेरे के साथ शेयर कर रहा था, वारदात के वक्त भी व्हाट्सएप पर ही उसे निर्देश भी दे रहा था।
रविवार शाम काटजू नगर में रहने वाली महिला प्राची पति संजय जायसवाल घर में अकेली थी। यह युवक उनके घर में पिस्तोल लेकर घुसा और उसे धमकाकर लूट की कोशिश की। इस महिला की हिम्मत और आसपास के रहवासियों की मदद से इस लुटेरे को दबोच लिया गया। आरोपी का नाम कैलाश पिता रावजी चारेल उम्र 22 वर्ष निवासी गढ़ीगमना है। उसके पास से जब्त पिस्तोल नकली निकली। एसपी अमित सिंह के अनुसार कैलाश को जुगनू उर्फ चंद्रशेखर बंजारा निवासी काटजू नगर ने ही इस लूट के लिए तैयार किया था। जुगनू महिला प्राची जायसवाल के पुत्र का मित्र है, वह प्राची जायसवाल के घर से अच्छे से वाकिफ था और यह भी जानता था कि किस समय प्राची जायसवाल घर में अकेली होंगी। फिलहाल जुगनू फरार है। एसपी सिंह के अनुसार जुगनू सम्पन्न परिवार से है और उसके पिता खाड़ी देश में नौकरी करते है। जुगनू ने कैलाश को लूट के लिए उकसाया, उसे तैयार किया और व्हाट्सएप पर उसे एक के बाद एक निर्देश देता रहा। इनकी प्लानिंग थी कि जब कैलाश महिला प्राची जायसवाल को बंधक बना लेता, उसके बाद जुगनू भी घर में प्रवेश करता और दोनों लूट करके भाग जाते। यह भी प्लानिंग थी कि यदि महिला प्राची जायसवाल विरोध करती तो उनकी हत्या कर दी जाती। हालांकि प्राची जायसवाल की हिम्मत के सामने लुटेरे कैलाश की ही हालत खराब हो गई।
वीरता के लिए मिला पुरूस्कार
लूट की कोशिश करने वाले आरोपी कैलाश चारेल को रंगे हाथों पकड़े जाने के मामले में महिला प्राची जायसवाल, जिगनेश पुरी निवासी दाहोद, शैलेष प्रजापति निवासी लिमखेड़ा, प्रवीण कुमार जैन निवासी काटजू नगर, मनीष चाष्टा निवासी काटजू नगर का साहस काम आया। एसपी ने प्राची जायसवाल को 5 हजार रूपए व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी सिंह के अनुसार इस प्रकरण में जिन भी लोगों की भूमिका सराहनीय रही है उन्हें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
