रतलाम। सैलाना रोड स्थित श्री हनुमान जी का बड़ा मंदिर बरबड़ के जिर्णोद्धार से पहले ही कोर्ट का विवाद जुड़ गया है। मंदिर के पुजारी की ओर से रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट और एसडीएम नेहा भारती को एक शिकायत की गई है, इस शिकायत में उल्लेख है कि मंदिर के मामले में कोर्ट का स्थगन आदेश है, इसके बावजूद ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा जिर्णोद्धार कराया जा रहा है।
शनिवार को ही विधायक व राज्य योजना उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप की मौजूदगी में करीब 3 करोड़ रूपए लागत से होने वाले जिर्णोद्धार कार्य की नींव रखी गई। शनिवार को ही मंदिर के पुजारी कृष्णदास बैरागी की ओर से उनके एड्वोकेट अमित कुमार पांचाल द्वारा एसडीएम नेहा भारती को शिकायत की गई। इस शिकायत में उल्लेख किया गया है कि मंदिर शासन नियंत्रित देवस्थानों की सूची में है और इसका प्रबंधन किसी पब्लिक ट्रस्ट द्वारा नहीं किया जा सकता है। इस मामले में उच्च न्यायालय इंदौर खंडपीठ द्वारा 10 अगस्त 2010 को स्थगन आदेश भी जारी किया गया है। वर्तमान में पुजारी और पब्लिक ट्रस्ट के बीच का विवाद तृतीय अपर जिला न्यायाधीश के समक्ष विचाराधीन है। स्थगन आदेश होने से मंदिर में किसी तरह का जिर्णोद्धार कार्य नहीं कराया जा सकता है, बावजूद इसके यहां काम की शुरूआत की जा रही है। इस मामले में मंदिर समिति के पदाधिकारियों का पक्ष है कि न्यायालय ने केवल पुजारी के कमरे पर स्थगन आदेश दिया हुआ है, पूरे परिसर पर नहीं।
