रतलाम। भाजपा की जिला कार्यकारिणी में जगह पाने की जुगत में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं को एक सप्ताह ओर इंतजार करना होगा। खुद पार्टी जिला अध्यक्ष की माने तो सूची फाइनल हो चुकी है, इसे रविवार को संभागीय संगठन मंत्री को सौंप दिया जाएगा। संभागीय संगठन मंत्री प्रदेश से इस पर एप्रुवल लेंगे और इसके बाद इसे जारी कर दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में एक सप्ताह का वक्त लग जाएगा।
भाजपा में जिला कार्यकारिणी अब जिले की राजनीति का सबसे बड़ा सस्पेंस बन गई है। दो माह की कवायद, जिला अध्यक्ष की प्रदेश और संभागस्तर पर कई दौर की बैठक के बाद आखिरकार सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है लेकिन इसे जारी नहीं किया सका है। दरअसल जिले की इसी कार्यकारिणी के बूते पार्टी को 2018 के विधानसभा चुनाव में जाना है। जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान की कोशिश है कि जिला कार्यकारिणी में सभी गुटों को समान प्रतिनिधित्व मिले और पद उन्हें ही दिए जाए, जिनमें काम करने और परिणाम लाने की क्षमता हो। सूत्रों की माने तो नई सूची में हवाई किले बनाने वाले किसी नेता का नाम नहीं है। जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान के अनुसार जिला कार्यकारिणी इसी सप्ताह घोषित कर दी जाना थी लेकिन सैलाना में उपाध्यक्ष चुनाव की कवायद के कारण इसे रोक दिया गया। शनिवार शाम या रविवार सुबह संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी को रतलाम जिले की फाइनल सूची सौंप दी जाएगी।
