रतलाम। सुभाष नगर में रहने वाला एक युवक मंगलवार देर रात करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह युवक नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में अस्थाई कर्मचारी था, इसके साथ ही लाइट डेकोरेशन का काम करता था।
वाकया रात करीब 11 बजे का है। सुभाष नगर में रहने वाला 25 वर्षीय युवक राकेश उर्फ भूपेंद्र पिता राजू खरे हाट की चौकी पर गणेश पांडाल की लाइट बंद करने के लिए नजदीक की एक दुकान की छत पर चढ़ा था। यहां बिजली के तार खुले पड़े थे और बारिश के कारण छत भीगी हुई थी। राकेश खुले तारों की चपेट में आ गया, एकाएक हुए इस हादसे के बाद आसपास के लोग उसे झुलसी हुई हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बुधवार सुबह राकेश के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद उसे परिजनों के सुपूर्द कर दिया गया।
