रतलाम। भाजपा की जिले में नई कार्यकारिणी से कई सारे पुराने चेहरे बाहर होने वाले है। भाजपा के ही अंदरखाने से जो खबर निकलकर आ रही है, उसके मुताबिक दोहरे पद, निष्क्रियता और अधिक समय के कार्यकाल को आधार बनाकर इन पुराने नेताओं को जिला कार्यकारिणी में जगह नहीं दी जाएगी। संभावना है कि शनिवार को जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान के नई दिल्ली से लौटने के तत्काल बाद ही जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी जाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान गुरूवार शाम को ही प्रभारी मंत्री की रवानगी के बाद नईदिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। वे शनिवार शाम को वापस लौटेंगे। khabarpakki.com प्रतिनिधि को भाजपा जिला अध्यक्ष चौहान ने बताया, कार्यकर्ताओं के बीच की उत्सुकता मुझे ज्ञात है। कार्यकारिणी की घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। हालांकि पुरानी टीम के चेहरे बदलने के सवाल को वे टाल गए।
ये पदाधिकारी हो सकते है बाहर
क्रांति जोशी- सैलाना निकाय चुनाव में पार्टी की उम्मीदवार रही है, जिला महामंत्री भी है। निकाय चुनाव में टिकिट देकर पार्टी ने उपकृत किया, अब उनकी जगह किसी अन्य महिला को संगठन में मौका दिया जा सकता है।
मनोहर पोरवाल- लगातार 6 साल से भी अधिक समय से जिला उपाध्यक्ष है, वह भी ऐसे काल में जब पार्टी सत्ता में है। उनके स्थान पर अब किसी अन्य को अवसर दिया जा सकता है।
अशोक चोटाला- फिलहाल संगठन में जिला उपाध्यक्ष है और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष भी। एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत के आधार पर उन्हें नई कार्यकारिणी में पद मिलना कुछ मुश्किल है।
अशोक जैन लाला- इनके भी लगातार 2 कार्यकाल बतौर उपाध्यक्ष निकल चुके है। किसी अन्य कार्यकर्ता को मौका दिया जाएगा।
ललित कोठारी- जिला उपाध्यक्ष है लेकिन पूरे कार्यकाल में सक्रियता कम ही रही, इसीलिए दोबारा आने की संभावना कम है।
संगीता चारेल- जिला उपाध्यक्ष है साथ ही विधायक भी। इन पर भी एक व्यक्ति एक पद का नियम लागू होता है। सैलाना उपचुनाव में इनकी भूमिका को लेकर संगठन में कुछ नाराजगी भी है।
चंद्रप्रकाश ओस्तवाल- वरिष्ठ नेता है, जिला महामंत्री और उपाध्यक्ष रह चुके है। अब इनकी जगह पर संगठन में इन्ही के क्षेत्र से किसी अन्य को मौका दिया जा सकता है।
पद्मा जायसवाल- जिला मंत्री है, कुछ दिन पहले ही महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष का दायित्व मिला है लिहाजा जिले की मुख्य कार्यकारिणी में दूसरा कोई पद नहीं मिलेगा।
