• Sun. Sep 13th, 2026

विटामिन ए अनुपूरण अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ

BySurendra Jain

Jul 17, 2020

खबर पक्की, 17 जुलाई, रतलाम। विटामिन ए अनुपूरण अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ बाल चिकित्सालय में एसडीएम शहर सुश्री शिराली जैन और सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाकर किया। कार्यक्रम में साढे चार वर्षीय खुशनुमा कुरैशी पिता असलम कुरैशी निवासी हाट रोड कसाई मंडी नाथ मोहल्ला ने अभियान के अंतर्गत सबसे पहले दवा पी।
सुश्री शिराली जैन ने कहा कि जिले में सभी 9 माह से पॉच वर्ष के लक्षित बच्चों को विटामिन ए का घोल पिलाया जाए ताकि बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास हो और उन्हें रतौंधी सहित अन्य संक्रामक रोगों से बचाया जा सके। सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि अभियान 17 जुलाई से 19 अगस्त तक चलाया जाएगा। जिले में एएनएम की उपस्थिति में आशा और आंगनवाडी कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर दवा की खुराक पिलाई जाएगी। जो बच्चे ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर दवा से वंचित रह जाएंगे उन्हें अगले दिन मॉप अप दिवस पर घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। दवा पिलाने के दौरान फिजिकल डिस्टेंस का पालन किया जाना आवश्यक रहेगा तथा कोरोना से बचाव के लिए दवा पिलाने की चम्मच पालकों को अपने घर से लाना होगी।
शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.सी. डामोर ने कहा कि बच्चों को 6 माह के अंतराल पर विटामिन ए के घोल की कुल 9 खुराक पिलाना आवश्यक है। नोडल अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि 9 माह की आयु के बच्चों को पहली खुराक एक एमएल और 15 माह से अधिक आयु के बच्चों को दूसरी खुराक से नौंवी खुराक दो एमएल पिलाई जाएगी। कार्यक्रम के लिए सभी केन्द्रों पर विटामिन ए की बोतल उपलब्ध करा दी गई है। कार्यक्रम में डॉ. योगेश नीखरा, डॉ. प्रमोद झारे, डॉ. अजहर अली, आशीष चौरसिया, निलेश चौहान, राजेश्वरी डोडिया, सुशीला सोलंकी, अफरोज खान, ललिता जॉन एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!