• Fri. Sep 11th, 2026

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का शव खून से लथपथ मिला : सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान, जमीन पर खून बिखरा

BySurendra Jain

Sep 11, 2026

खबर पक्की, 11 सितंबर, रतलाम। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह 36 वर्षीय महिला का शव उसके घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। महिला के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान देवीबाई पति स्व. रायसिंह डामोर निवासी नयाखेड़ा के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर शिवगढ़ थाना प्रभारी आरके मकवाना, सब इंस्पेक्टर प्रतापसिंह भदौरिया और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने जांच के बाद पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
खेत पर जाते समय ग्रामीण ने देखा शव
गांव का अन्नुसिंह शुक्रवार सुबह रोज की तरह खेत पर काम करने जा रहा था। रास्ते में वह देवीबाई के घर के सामने से निकला। देवीबाई रोज बरामदे में खाट पर सोती थी, लेकिन सुबह वह जमीन पर पड़ी दिखाई दी।
अन्नुसिंह ने पास जाकर देखा तो देवीबाई खून से लथपथ थी। उसके सीधे कान के पास सिर पर गहरी चोट थी। उसने इसकी सूचना देवीबाई के देवर भूरालाल डामोर को दी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच
महिला की मौत की सूचना पर रतलाम से एएसपी राकेश पंद्रों, एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, रावटी और सरवन थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
शिवगढ़ थाना प्रभारी आरके मकवाना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका है। महिला की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
11वीं में पढ़ता है बेटा, बेटी हॉस्टल में
देवीबाई का बेटा गोलू रतलाम में कक्षा 11वीं में पढ़ाई करता है। बेटी काजल सैलाना के हॉस्टल में रहकर सीएम राइज स्कूल में पढ़ती है। महिला का मायका सरवन थाना क्षेत्र के सेमलखेड़ा में है।
महिला के पति रामसिंह डामर की वर्ष 2012-13 में मौत हो चुकी है। देवीबाई गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ थी। पुलिस महिला की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!