खबर पक्की, 11 सितंबर, रतलाम। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 के पास शुक्रवार सुबह नो पार्किंग एरिया में चौकीदार के बैठने के लिए बने पतरे के शेड में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। युवक ने गमछे से लोहे के एंगल पर फंदा लगाया था।
उसकी जेब से पर्स मिला, जिसमें आधार कार्ड और 10 सितंबर का बांद्रा टर्मिनस से कोटा का टिकट था। आधार कार्ड के आधार पर जीआरपी ने युवक की पहचान सन्नी के रूप में की और परिजनों से संपर्क किया।
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह 6.30 बजे मिली शव की सूचना- शुक्रवार सुबह करीब 6.30 बजे जीआरपी चौकी को प्लेटफार्म के पास वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (ढ्ढह्रङ्ख) कार्यालय के पास बने गुमटी नुमा पतरे के शेड में शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, चौकी के एएसआई देवेंद्र कौशिक, कॉन्स्टेबल टिकमसिंह और महिला कॉन्स्टेबल मंजू मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान युवक का शव शेड में लगे लोहे के एंगल से गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
जेब से मिला आधार कार्ड और ट्रेन का टिकट- जीआरपी ने मृतक की जेब की तलाशी ली तो उसमें काले रंग का पर्स मिला। पर्स में आधार कार्ड और एक ट्रेन का टिकट था। आधार कार्ड पर नाम सन्नी दर्ज था। पते में अनिल बोहर (पार्ट), 68 बोहर, रोहतक, हरियाणा लिखा था।
आधार कार्ड की जानकारी के आधार पर जीआरपी ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद शव की पहचान हो सकी।
बांद्रा से कोटा का टिकट मिला- मृतक के पास से 10 सितंबर को दोपहर 3.41 बजे बांद्रा टर्मिनस से राजस्थान के कोटा तक का टिकट मिला है। टिकट के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवक बांद्रा से ट्रेन में सवार होकर रात में रतलाम पहुंचा होगा। रतलाम स्टेशन पर उतरने के बाद उसने प्लेटफार्म-7 के पास बने शेड में फांसी लगा ली।
हालांकि युवक रतलाम कब और किस ट्रेन से पहुंचा, इस संबंध में जीआरपी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम- जीआरपी चौकी प्रभारी रामलाल इवने ने बताया कि युवक की शिनाख्त हो गई है। उसके पास से ट्रेन का टिकट मिला है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फंदे पर लटका मिला युवक का शव : जेब में निकला बांद्रा टर्मिनस से कोटा का टिकट, आधार कार्ड में रोहतक का एड्रेस
