• Fri. Sep 11th, 2026

फोरलेन पर कंटेनर ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक घायल, डीआईजी ने अपनी कार से पहुंचाया अस्पताल; कंटेनर जब्त, ड्राइवर को हिरासत में लिया

BySurendra Jain

Sep 11, 2026

खबर पक्की, 11 सितंबर, रतलाम। नामली में कृषि उपज मंडी के सामने फोरलेन पर शुक्रवार को कंटेनर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार भेरुलाल जाट घायल हो गए। इसी दौरान जावरा से रतलाम आ रहे रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल ने दुर्घटना देख अपना वाहन रुकवाया। उन्होंने घायल को अपनी कार से तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
दुर्घटना में पंचेड़ निवासी भेरुलाल पिता केशव जाट को सिर में चोट आई है। जानकारी के अनुसार वे अपने गांव पंचेड़ जा रहे थे। इसी दौरान जावरा की ओर से आ रहे कंटेनर क्रमांक आरजे 41 जीबी 1468 ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
डीआईजी निमिष अग्रवाल भी उसी समय वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने भीड़ देखकर कार रुकवाई और घायल को देखा। इसके बाद अपने ड्राइवर और गनमैन के साथ कार से घायल को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। कंटेनर चालक भी मौके पर रुका रहा।
घायल को भेजने के बाद लिफ्ट लेकर पहुंचे डीआईजी
घायल को मेडिकल कॉलेज भेजने के बाद डीआईजी ने अपनी कार ड्राइवर और गनमैन के साथ रतलाम भेज दी। इसके बाद उन्होंने फोरलेन पर एक बुलेट सवार से लिफ्ट ली और खुद बाइक पर बैठकर रतलाम पहुंचे।
डीआईजी ने बताया कि घायल को तुरंत उपचार दिलाना जरूरी था। इसलिए उन्होंने अपनी कार से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
कंटेनर जब्त, ड्राइवर को हिरासत में
घटना की सूचना डीआईजी ने नामली थाना पुलिस को फोन पर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया। नामली थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि कंटेनर को जब्त कर लिया गया है।

error: Content is protected !!