भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र को लेकर कांग्रेस ने रविवार शाम को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें सत्र में विपक्ष द्वारा सरकार को घेरे जाने के खिलाफ रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी ने जयपुर में मौजूद अपने विधायकों को लाने के लिए दो चार्टर विमानों का इंतजाम किया है। इधर, विधायक दल के मुख्य सचेतक और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने पूरे सत्र के लिए व्हिप जारी किया है। इससे अब कांग्रेस विधायकों को सत्र के दौरान पूरे समय उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
सिंधिया की बगावत के बाद कांग्रेस विधायक दल में मची भगदड़ की स्थिति से बचने के लिए पार्टी ने सरकार का समर्थन कर रहे विधायकों को जयपुर में सुरक्षित स्थान पर भेज दिया था। तब से वे वहीं थे, लेकिन अब 16 मार्च से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है तो उन्हें कार्यवाही में मौजूद रखने के लिए वापस बुलाया जा रहा है।
इसके लिए कांग्रेस ने दो चार्टर विमान की व्यवस्था की है, जो रविवार को सुबह जयपुर से उड़ान भरेंगे और सुबह 11 बजे भोपाल के राजाभोज विमानतल पर पहुंच जाएंगे। वहां अभी 82 विधायक हैं, जबकि तरुण भनोत, प्रियव्रत सिंह और कुणाल चौधरी समेत कुछ विधायक अपने साधनों से जयपुर से लौट आए थे।
बताया जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता विधायकों से सीधे बात करेंगे। इसके लिए रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायकों की उपस्थिति अनिवार्य है।
विधायक दल की बैठक की सूचना व्हाट्सएप, एसएमएस और ई-मेल सहित पत्र द्वारा सभी विधायकों को भेज दी गई हैं। पार्टी ने जयपुर भेजे गए विधायकों को भोपाल लाने की व्यवस्था की है तो बेंगलुरु में ठहरे ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों से भी संपर्क करने का प्रयास किया है। पार्टी को उम्मीद है कि उनमें से कुछ विधायक कांग्रेस सरकार का साथ देंगे।
बजट सत्र के पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार शाम को
