• Wed. Aug 12th, 2026

हवाई फायर कर बिजली कंपनी के कैंप से लाखों रूपए लूटे

BySurendra Jain

Jul 19, 2017

 

रतलाम। जिले के पिपलोदा विकासखंड के एक गांव में बुधवार दोपहर 3 नकाबपोश बदमाश बिजली कंपनी के बिल वसूली कैंप से 3 लाख 83 हजार रूपए लूटकर फरार हो गए। कैंप के आसपास भीड़ थी, लोग बिजली बिल सेटलमेंट कराने के लिए कतार में खड़े थे। बदमाश आए, देशी कट्‌टो से 3 हवाई फायर किए और अफरा-तफरी के बीच रूपए लूटकर चंपत हो गए। इस वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी भी की लेकिन काफी देर बाद तक भी कोई सफलता नहीं मिली।

लूट की सनसनीखेज वारदात पिपलोदा थाना क्षेत्र के उपरवाड़ा गांव की है। गांव में पंचायत भवन के पास ही बिजली कंपनी का वसूली शिविर लगाया गया था। कंपनी के लाइनमेन कचरू राठौर और दो अन्य कर्मचारी मुकेश व रमेश इस कैंप में बकाया बिजली बिलों का सेटलमेंट कर रहे थे। दोपहर 3 बजे तक इस कैंप में 3 लाख 83 हजार 682 रूपए जमा हो चुके थे। मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश यहां पहुंचे और एकाएक हवाई फायर करने लगे। इनमें से 2 ने नकाब पहना था जबकि एक ने हेलमेट पहन रखा था। 3 फायर  किए जाने के बाद लोगों के बीच भगदड़ मची, कर्मचारी भी बचने के लिए भागे। इसी बीच बदमाश कंपनी का जमा केश उठाकर भाग निकले। वारदात के बाद टीआई पिपलोदा यूएस सेगोकर सहित पूरे थाने की टीम ने इलाके में सर्चिंग की। वाहनों की तलाशी ली गई, मुख्य मार्गो पर नाकेबंदी की गई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

error: Content is protected !!