रतलाम। शहर से सटे जुलवानिया गांव के रास्ते पर बने नाले पर गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 2 लोग मोटरसाइकिल सहित बह गए। इनमें से एक को बचा लिया गया है जबकि दूसरे का शुक्रवार दोपहर तक पता नहीं चल सका है।
यह घटना रात 11 बजे की है। अपना नगर निवासी दुलेसिंह मईड़ा अपने एक साथी लक्ष्मण पिता हुकुमचंद निवासी करण कालोनी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जुलवानिया जा रहे थे। जुलवानियां में दुलेसिंह का पुत्र रहता है, दोनों उसी से मिलने जा रहे थे। गोंदीपाड़ा नाले की पुलिया पर पानी था, इसके बावजूद दोनों ने मोटरसाइकिल निकालने की कोशिश की। तेज बहाव के कारण दोनों मोटरसाइकिल सहित बह गए। लक्ष्मण को राहगिरों ने जैसे-तैसे बचा लिया लेकिन दुलेसिंह का पता नहीं चल सका। दुलेसिंह के लापता होने की सूचना के बाद होमगार्ड जवान, आईए थाने का पुलिसबल और राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक तलाशी के बावजूद उसका पता नहीं चल सका था।
