रतलाम। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर दो दिनों से जारी नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार शाम स्थगित कर दी गई है। बुधवार से नगर निगम कार्यालय में यथावत काम होगा। महापौर ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि एक माह में एमआईसी और सदन से कर्मचारियों को नियमित किए जाने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेज दिया जाएगा।
नगर निगम के 1500 कर्मचारी सोमवार-मंगलवार को हड़ताल पर रहे, इस दौरान नगर निगम कार्यालय का सारा कामकाज ठप्प हो गया। मंगलवार शाम महापौर डा. सुनीता यार्दे, एमआईसी सदस्य और नगर निगम आयुक्त एस.के. सिंह की कर्मचारी नेता और ननि कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के पदाधिकारी श्याम टेकवानी, ननि कर्मचारी संघ रतलाम के अध्यक्ष दिनेश सोलंकी के साथ बैठक हुई। इस बैठक में महापौर ने रतलाम के सभी पात्र दैवेभो कर्मचारियों को नियमित किए जाने का प्रस्ताव एमआईसी और सदन से एक माह में पारित कराकर शासन को भेजने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल स्थगित कर दी और नगर निगम का मुख्य द्वार खोल दिया गया। दिनेश सोलंकी के अनुसार हड़ताल खत्म नहीं हुई है केवल स्थगित की गई है। यदि एक माह में महापौर के आश्वासन पर पालन नहीं हुआ तो फिर से हड़ताल की जाएगी।
