रतलाम। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर रतलाम नगर निगम के कर्मचारियों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को भी रतलाम नगर निगम में किसी तरह का विभागीय कामकाज नहीं होगा। रतलाम से शुरू हुआ यह आंदोलन अब आगे बढ़ गया है। 19 जुलाई बुरहानपुर और खंडवा में व 25 जुलाई से देवास, इंदौर और उज्जैन नगर निगमों में कर्मचारी अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर देंगे।
सोमवार को मप्र नगर पालिका, नगर निगम कर्मचारी संघ के बेनर तले रतलाम के करीब 1500 कर्मचारियों ने कामकाज बंद रखा। सुबह कर्मचारी निगम गेट पर एकत्रित हुए और तालाबंदी के बाद नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी सभी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुरूप नियमित कर्मचारी का दर्जा देने की मांग कर रहे है। सोमवार को रतलाम के कर्मचारियों की हड़ताल में देवास, बुरहानपुर, मनासा और उज्जैन से भी कुछ कर्मचारी शामिल हुए। मंगलवार के आंदोलन में शामिल होने के लिए मप्र नगर पालिका, नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी और महामंत्री कन्हैयालाल आर्य भी शामिल होने के लिए रतलाम पहुंचे है। कर्मचारी संघ के रतलाम जिला अध्यक्ष दिनेश सोलंकी के अनुसार मंगलवार को भी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी और निगम में आकस्मिक सेवा, जलप्रदाय व सफाई के अलावा किसी तरह का काम नहीं होगा। सोलंकी के अनुसार कर्मचारियों की यह हड़ताल अगले 15 दिनों में प्रदेश के सभी 450 नगरीय निकायों में फेल जाएगी।
