उज्जैन। बुधवारिया में स्टेट बैंक के पास की धोबी गली में रविवार रात करीब 9 बजे दो युवकों की नृसंश हत्या कर दी गई। दोनों मृतकों के नाम रवि और विशाल लश्करी है। दोनों ही युवक सगे भाई है। इन पर घर के सामने ही रहने वाले विवेक कुशवाह, उसके पिता जितेंद्र कुशवाह और एक अन्य ने हमला किया।
विवेक कुशवाह बियाबानी चौराहे पर ही पानी-पतोश का ठेला लगाता है। उसका विशाल लश्करी के साथ करीब 3 माह से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले विशाल ने विवेक कुशवाह के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की थी। रविवार रात करीब 9 बजे एक बार फिर से दोनों के बीच आपसी कहासुनी हुई, इसके बाद विवेक, उसके पिता जितेद्र और एक अन्य ने विशाल पर तलवारों से हमला कर दिया। बीच बचाव करने उसका भाई रवि पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। तलवारों के बाद दोनों पर पत्थरों से भी हमला किया गया। दोनों भाईयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस वाकये के बाद बुधवारिया इलाके में सनसनी फेल गई थी। बड़ी संख्या में इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
