बांसवाड़ा। राजस्थान में हो रही भारी बारिश के चलते बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ एसडीएम एक बरसाती नाले को पार करते हुए गाड़ी सहित बह गए है। गाड़ी के साथ ही एसडीएम का चालक भी बह गया था उसे घटनास्थल से 2 किलोमीटर दूर ग्रामीणों ने बचा लिया है।
शुक्रवार सुबह से बांसवाड़ा जिले में तेज बारिश हो रही है, इसी दौरान कुशलगढ़ एसडीएम रामेश्वरदयाल मीणा कार्यालय जाने के लिए निकले। रास्ते में नाले की पुलिया पर पानी था और एसडीएम के ड्राइवर ने इसे पार करने की कोशिश की। गाड़ी बीच पुलिया पर पहुंची और संतुलन बिगड़ गया, एसडीएम, उनका ड्राइवर गाड़ी सहित बह गए। ड्राइवर को ग्रामीणों ने बचा लिया। अभी तक एसडीएम का पता नहीं चल सका है। समाचार लिखे जाने तक एसडीएम के बारे में जानकारी नही मिल पाइ है। घटना की सूचना मिलने के बाद बांसवाड़ा कलेक्टर आैर अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम को तलाशने के लिए आसपास के थानों का बल भी लगाया गया है इसके अलावा ग्रामीण भी उन्हें तलाशने में जुटे हैं।
