रतलाम। सोमवार से नगर निगम रतलाम के 1500 से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे है। कर्मचारियों की यह हड़ताल अनिश्चितकालीन होगी। कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की माने तो हड़ताल की अवधि में आकस्मिक सेवाओं, जलप्रदाय और सफाई को छोड़कर शेष सभी काम बंद रहेंगे। नगर निगम के सभी तरह के विभागीय काम पूरी तरह बंद रहेंगे। फिलहाल केवल रतलाम नगर निगम ही ऐसी है, जहां के कर्मचारी प्रदेशस्तरीय मुद्दे पर हड़ताल पर जा रहे है, प्रदेश की 11 नगर निगमों के कर्मचारियों ने इस हड़ताल का समर्थन किया है।
मप्र नगर निगम, नगर पालिका कर्मचारी संघ रतलाम के अध्यक्ष दिनेश सोलंकी के अनुसार सोमवार 17 जुलाई से यह हड़ताल आरंभ होगी और अनिश्चितकाल तक चलेगी।
दैवेभो कर्मियों के लिए हड़ताल
सीएम की घोषणा के अनुरूप दैवेभो कर्मचारियों को स्थाईकर्मी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर यह हड़ताल की जा रही है। यूनियन अध्यक्ष दिनेश सोलंकी के अनुसार जब तक रतलाम में देवेभो कर्मचारियों को स्थाईकर्मी का दर्जा देकर शासन लाभ नहीं दिया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
