रतलाम। शहर सराय क्षेत्र में शनिवार रात करीब 8.30 बजे दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जूते-चप्पल की एक दुकान में तोड़फोड़ कर दी गई। बाइक सवार करीब 10 बदमाश यहां पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ के बाद फरार हो गए। विवाद की सूचना के बाद शहर के चारों थानों के प्रभारी और खुद एसपी अमित सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे। ब्याजखोरी के विवाद में यह झगड़ा हुआ था।
शेख इरफान पिता एहसानउद्दीन की शहर सराय पर जूते-चप्पल की दुकान है। उनके पुत्र फरहान का एक दोस्त इमरान सुपर ब्याज का काम करता है। इमरान सुपर ने नयापुरा निवासी इब्राहिम को ब्याज पर कर्ज दिया हुआ था। शनिवार शाम रूपयों के लेन-देन को लेकर शहर सराय पर ही इमरान सुपर, फरहान और इब्राहिम के बीच कहासुनी हुई। नौबत हाथापाई तक पहुंची। इस वाकये के कुछ देर बाद इब्राहिम के साथी शहर सराय चौराहे पर पहुंचे और फरहान की जूते-चप्पल की दुकान में तोड़फोड़ कर भाग निकले। इन लोगों ने इरफान के वृद्ध पिता शेख इरफान के साथ भी मारपीट की। विवाद की सूचना के तत्काल बाद मौके पर चारों ही थानों का बल शहर सराय चौराहे पर पहुंच गया था। एसपी दोनो पक्षों के लोगों को पहले आबकारी रोड की पुलिस चौकी ले गए यहां से विवाद करने वाले लोगों को थाने भेज दिया गया। खबर है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान इब्राहिम के एक साथी जावेद को चाकू की हल्की खरोंच भी आई है।
