रतलाम। रिंगनोद थाना क्षेत्र के माननखेड़ा गांव में डेढ़ माह पहले हुई 1 लाख रूपए की लूट के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। लूट की रकम में से तीनों ही आरोपियों ने आपस में 30-30 हजार रूपए बांटे और शेष 10 हजार रूपए से आपस में पार्टी की थी। हैसियत से ज्यादा होटल में खर्च ही इनके लिए परेशानी का कारण बन गया, मुखबिर की नजर में आए और पुलिस ने दबोच लिया।
शनिवार दोपहर एसपी अमित सिंह ने प्रेस कांफ्रेस कर लूट के मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम कन्हैया गारी, श्यामलाल और गोपाल निवासी ग्राम लसूड़ियाईला है। इन लोगों ने 31 मई की दोपहर जड़वासा निवासी किसान सुरेंद्र सिंह चंद्रावत के पास से 1 लाख रूपए लूट लिए थे। सुरेंद्र सिंह जावरा से उपज के रूपए वापस लेकर अपने गांव लौट रहा था। तीनों ही आरोपियों ने माननखेड़ा फंटे से किसान सुरेंद्र सिंह चंद्रावत पर निगरानी रखी थी और रास्ते में उसे अकेला पाकर लूट लिया।(छाया-राकेश शर्मा)
