• Mon. Aug 10th, 2026

हिमाचल, जम्मू कश्मीर में बर्फबारी, अन्य राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम का हाल

BySurendra Jain

Nov 27, 2019

नई दिल्ली। देश के पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। इसी कड़ी में बुधवार को हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। किन्नौर जिले में तो जोरदार बर्फबारी के चलते कल्पा और पूंह इलाकों में स्कूलों की छुट्टियां करना पड़ी हैं। वहीं रेकांग पियो में भी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा शिमला के नरकांडा में भी बर्फबारी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम ने करवट ली है, यही वजह है कि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने लगी है, वहीं निचले इलाकों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो चुका है। इस वजह से पहाड़ी इलाकों के साथ ही आसपास के निचले इलाकों में भी तापमान में गिरावट हो गई है। बर्फबारी के बाद आने वाले दिनों में ठंड और तेज हो सकती है।
मौसम के करवट लेने के बाद जम्मू कश्मीर में भी कई इलाकों में बर्फबारी और बारिश हुई है। इस वजह से तापमान में भारी गिरावट आ गई है। जम्मू में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। रात में हुई हल्की बारिश के बाद ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी तक नेशनल हाईवे पर छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है। वहीं बड़े वाहन कश्मीर से जम्मू के लिए छोड़े गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार शाम तक मौसम खराब रह सकता है। इसके बाद इसके सुधार दिखाई देगा।
इन राज्यों में भी हो सकता है विक्षोभ का असर
जम्मू कश्मीर पर विक्षोभ बना होने की वजह से जम्मू कश्मीर के साथ ही हिमाचल, लद्दाख के कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया जा रहा है। इसके चलते उत्तराखंड में भी मौजूद करवट ले सकता है। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी, मध्यप्रदेश में भी कछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

error: Content is protected !!