• Mon. Aug 10th, 2026

JNU Protest : अंदर दीक्षांत समारोह में उप राष्ट्रपति दे रहे हैं भाषण, बाहर छात्र कर रहे प्रदर्शन

BySurendra Jain

Nov 11, 2019

नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में 11 नवंबर 2019 को तीसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है। इस दौरान परिसर के अंदर उप-राष्ट्रपति वैंकेया नायडू भाषण दे रहे हैं, तो बाहर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। सुबह जेएनयू छात्र संघ ने फीस बढ़ोत्तरी और ड्रेस कोड को लेकर विरोध मार्च निकाला। छात्र, वाइस चांसलर के खिलाफ जेएनयू कैंपस के बाहर उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस और छात्रों के बीझ झड़प हो गई है। फिलहाल किसी तरह का बल प्रयोग पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की तरफ से नहीं किया गया है। दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद हैं।
छात्रों को बसों में भरकर पुलिस वहां से निकालने की कोशिश कर रही है। छात्रों का कहना है कि फीस में कटौती की मांग को स्वीकार नहीं किए जाने तक वे दीक्षांत समारोह को नहीं होने देंगे। जेएनयू की छात्र परिषद यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर पिछले 15 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। मगर, मांगे नहीं सुने जाने पर वे संगठित होकर प्रदर्शन करने के लिए बैरिकेटिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि कम से कम 40 फीसद छात्र आर्थिक रूप से गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं। फीस बढ़ाए जाने के बाद वे किस तरह से पढ़ाई कर सकेंगे।
बताया जा रहा है कि हॉस्टल के लिए 10 रुपए प्रति महीना छात्रों से लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 300 रुपए प्रति महीना किया जा रहा है। छात्र इसका विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही वे हॉस्टल में कोई भी सर्विस चार्ज नहीं लिए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वे ड्रेस कोड को खत्म करने और हॉस्टल में आने-जाने को लेकर बनाई गई समय सीमा को भी खत्म करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के ऑडिटोरियम से पहले बेरिकेडिंग लगा कर छात्रों को रोक रखा है। इसके अंदर ही जहां समरोह का आयोजन किया जा रहा है। इसके चलते नेल्सन मंडेला मार्ग पर जाम लग गया है। वहीं, पुलिस छात्रों को समझा-बुझाकर वहां से जाने के लिए कह रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग कर रही है।

error: Content is protected !!