मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना का गठबंधन टूटने की अंतिम कगार पर पहुंच चुका है। शिवसेना ने एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने का निर्णय ले लिया है। इसके साथ ही एनसीपी द्वारा शिवसेना के NDA से नाता तोड़ने के बाद ही समर्थन देने की शर्त को मानते हुए शिवसेना ने NDA का साथ छोड़ने का निर्णय ले लिया है। केंद्र सरकार में शिवसेना के भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री अरविंद सावंत ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। राज्यपाल द्वारा न्यौता दिए जाने के बाद भाजपा द्वारा सरकार बनाने से मना कर दिया गया था। इसके बाद सबसे बड़े दल के तौर पर शिवसेना को सरकार बनाकर बहुमत साबित करने का अवसर मिला है। आज शिवसेना के नेता शाम को इस संबंध में राज्यपाल से मुलाकात भी करेंगे।
– सामने आ रही मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एनडीए सरकार से शिवसेना के मंत्री अरविंद सावंत ने इस्तीफा दे दिया है। इसी बीच एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच बैठक खत्म हो चुकी है।
– एनसीपी नेता नवाब मलिक ने प्रेस कांफ्रेस लेकर बताया कि हमनें 2 घंटे तक बैठक की। कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि शाम 4 बजे वह दोबारा महाराष्ट्र के नेताओं से बात कर निर्णय लेंगे। तब तक हमने भी अपना निर्णय नहीं लिया है।
– मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस ने महाराष्ट्र में शिवसेना को समर्थन देने का मन बना लिया है। वहीं एनसीपी का कहना है कि कांग्रेस जब तक शिवसेना को लेकर कोई फैसला नहीं लेगी, एनसीपी इसे लेकर कोई निर्णय नहीं लेगी।
– दिल्ली में कांग्रेस CWC की बैठक खत्म हो चुकी है। हालांकि अब तक स्थिति साफ नहीं हुई है। कांग्रेस अब शाम 4 बजे एक बार फिर मीटिंग करेगी।
– महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के विधायक आज दोपहर मुंबई वापस लौटेंगे।
– शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे से मुलाकात करने उनके निवास मातोश्री पर पहुंचे हैं। इस बीच उन्होंने कहा कि भाजपा हमें नीतीश कुमार ना समझे। वहीं नीतीश कुमार ने कहा कि यह हमारा मामला नहीं है।
– कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास पर वर्किंग कमेटी की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। वहीं दूसरी ओर एनसीपी की बैठक भी शरद पवार की अध्यक्षता में जारी है।
– एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सरकार को लेकर कुछ बोलना जल्दबाजी है। शरद पवार सबसे चर्चा करेंगे। हालांकि शरद पवार पहले भी कई बार बोल चुके हैं कि हमें विपक्ष में बैठने का जनादेश हुआ है।
– एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि एनसीपी के साथ ही कांग्रेस का निर्णय भी अपेक्षित है। दोनों के निर्णय के बाद ही हम आगे बढ़ेंगे। हमें जानकारी मिली है कि कांग्रेस ने CWC की बैठक बुलाई है।
– एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि कि जो भी निर्णय होगा वह कांग्रेस और हम मिलकर तय करेंगे।
– राउत बोले कि भाजपा शिवसेना के रिश्ते अब औपचारिकता रह गई है। उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय मंत्रिमंडल से हमारे मंत्री इस्तीफा दे रहे हैं। महाराष्ट्र में जो वातावरण निर्माण हुआ है वह दुर्भाग्यपूर्ण है।
– भाजपा अगर अपनी बात पर चलती तो महाराष्ट्र में आज यह स्थिति नहीं बनती। भाजपा के इस अहंकार को जनता का अपमान मानता हूं।
– शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत प्रेस कांफ्रेंस ले रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया है कि बीजेपी ने अहंकार दिखाया है। वह विपक्ष में बैठने को तैयार हैं लेकिन 50-50 फॉर्मूले पर चलने को तैयार नहीं हैं।
– कांग्रेस ने महाराष्ट्र में राजनीतिक स्थिति को देखते हुए आज वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास पर होगी।
– देवेंद्र फडणवीस के निवास पर भाजपा कोर कमेटी की आज बैठक होने जा रही है।
– शिवसेना सांसद और केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत ने सरकार में मौजूद अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
मोदी मंत्रिमंडल से अरविंद सावंत का इस्तीफा, पवार-उद्धव के बीच बैठक खत्म
