• Mon. Aug 10th, 2026

राजस्थान के बीकानेर, बाड़मेर में भीषण सड़क हादसे, 10 की मौत

BySurendra Jain

Nov 12, 2019

जयपुर। राजस्थान के बीकानेर और बाडमेर में मंगलवार सुबह दो भीषण सड़क हादसे हो गए हैं। इन सड़क दुर्घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई है। बीकानेर सड़क हादसे में जहां 7 लोगों की मौत हुई, वहीं बाड़मेर हादसे में 3 लोग मारे गए हैं। बीकानेर में देशनोक इलाके में यात्री बस और बोलेरो जीप में भीषण भिड़ंत हो गई इसमें 7 लोगों ने जान गंवाई है। हादसा इतना भयंकर था कि मौके पर ही 6 लोगों की ही मौत हो गई। वहीं एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 5 अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। बोलेरो में सवार सभी लोग रतनगढ के बताए जा रहे हैं जो रामदेवरा से देशनोक आ रहे थे। जिस बस ने बोलेरो को टक्कर मारी वह बीकानेर से देशनोक की तरफ जा रही थी।
इस दौरान पल्लाना गांव के पास दोनों में आमने-सामने की भिडंत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। मृतकों में जीप के ड्रायवर श्रवण कुमार की शिनाख्त हुई है। वह सीकर जिले का रहने वाला था। अन्य मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। हादसा जिसने भी देखा उसके होश उड़ गए। इसके बाद हाइवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई।
बाड़मेर में हादसे में 3 की मौत
बाडमेर में भी एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक कार और ट्रक के बीच में टक्कर हो गई, जिसमें 3 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। हादसा बाड़मेर जोधपुर मार्ग पर हुआ। हादसे में कार सवार तीन लोगों राहुल कोठारी, जितेन्द्र धारीवाल और नवरत्न सुराणा जोधपुर की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह बाड़मेर के बालोतरा में स्थित जैन तीर्थ नाकोडा के दर्शन कर सुबह के समय वापस जोधपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की टक्कर हो गई और दोनों वाहनों में आग लग गई। आग बहुत तेजी से फैली और इस वजह से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका।

error: Content is protected !!