• Thu. Aug 13th, 2026

अवैध कालोनियां वैध नहीं होने पर करेंगे बड़ा आंदोलन : काश्यप

BySurendra Jain

Oct 23, 2019

भाजपा कार्यकर्ताओं का दीप मिलन समारोह सम्पन्न
रतलाम।प्रदेश सरकार अवैध कालोनियों के वेधकरण के लिए गंभीर नहीं है। विधानसभा में लिखित आश्वासन देने के बाद भी सरकार इस दिशा में कुछ नहीं कर रही है। इन कालोनियों में अपनी जीवनभर की कमाई से मकान लेने वाले बहुत परेशान है। यदि जल्द कोई फैसला नही हुआ, तो रतलाम से अवैध कॉलोनियों की समस्या को लेकर एक बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।
यह बात विधायक चेतन्य काश्यप ने कहीं। उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में विकास की जिस अवधारणा के साथ रतलाम आगे बढ़ा है उसे कभी छोड़ा नहीं जाएगा। सीवरेज के कारण क्षतिग्रस्त हुई रतलाम की सड़कों को हर हाल में फिर से बनाया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने कार्यकाल में सड़कों के लिए जो 50 करोड़ की राशि देने की घोषणा की थी, वह इस सरकार से लेकर आएंगे। आवश्यकता होने पर सांसद गुमानसिंह डामोर की मदद लेंगे और केन्द्र से भी राशि लाकर रतलाम की सूरत एवं सीरत बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
श्री काश्यप ने स्टेशन रोड स्थित विसाजी मेंशन में भाजपा कार्यकर्ताओं के दीप मिलन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस समारोह में सांसद गुमानसिंह डामोर, महापौर डॉ. श्रीमती सुनिता यार्दे, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल, प्रदीप उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, ईश्वरलाल पाटीदार, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, नेता पक्ष प्रेम उपाध्याय सहित पार्षदगण, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण शामिल हुए।
श्री काश्यप ने कार्यकर्ताओ को दीप पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धारा 370 हटने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए दीपावली का यह पर्व खास हो गया है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस सरकार अधिक चलने वाली नहीं है। झाबुआ उप चुनाव के परिणाम आने के बाद सरकार की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। उन्होंने पिछले पांच सालों के दौरान रतलाम के विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि सीवरेज भविष्य के लिए बहुत बड़ी योजना है। विकास की बात जब-जब होती है तब-तब थोड़ी तकलीफ उठाना ही पड़ती है।
श्री काश्यप ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विपक्ष की भूमिका का पूरी ताकत से निर्वाह करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा रतलाम के 35 से अधिक वार्डो में जीत दर्ज कर फिर परिषद बनाएगी। कांग्रेस,सरकार बनने के बाद परिसीमन के नाम जोड़-तोड़ कर रही है,लेकिन इस परिसीमन से कोई फर्क पडऩे वाला नही है। विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में भाजपा ने जैसी बूथवार जीत दर्ज की थी, वैसी ही नगर निगम चुनाव में जीत मिलेगी। कार्यकर्ताओ ने जिस प्रकार पहले कार्य किया, वैसे की उन्हें एकजुटता से कार्य करना होगा।
सांसद डामोर ने इस मौके पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज में अलग ही छवि रखते हैं वर्तमान में पार्टी विपक्ष में है इसलिए हमें दुगनी ताकत से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने दीप पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया। महापौर डॉ. यार्दे ने कार्यकर्ताओ को पार्टी की नींव बताया। संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री श्री पोरवाल द्वारा किया गया।
भाजपा मण्डलों द्वारा श्री काश्यप का अभिनंदन
दीप मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मण्डल अध्यक्ष रमेश बदलानी, जयवंत कोठारी, संतोष पोरवाल ने सांसद डामोर व महापौर डॉ. यार्दे की उपस्थिति में विधायक काश्यप का अभिनंदन किया। इस अवसर पर पार्टी के अन्य मोर्चा, प्रकोष्ठों व कार्यकर्तागण ने भी काश्यप का सम्मान कर उन्हें दीप पर्व की शुभकामनाएं दी।

error: Content is protected !!