• Tue. Aug 11th, 2026

महाराष्ट्र: पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, कहा- भारत पूछता है कैसे धमाकों के गुनहगार भाग निकले

BySurendra Jain

Oct 16, 2019

मुंबई। महाराष्ट्र और हरियाणा में अभी भाजपा की सरकार है। दोनों ही राज्यों में 21 अक्टूबर को चुनाव हैं। इसके मद्देनजर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के अकोला पहुंचे हैं। वहां वे रैली को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि पहले से ज्यादा मजबूत सरकार बनाने के लिए आज मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूं। उन्होंने कहा कि ये वीर सावरकर के ही संस्कार हैं कि राष्ट्रवाद को हमने राष्ट्र निर्माण के मूल में रखा है। वहीं दूसरी तरफ वो लोग हैं जिन्होंने बाबा साहब का कदम-कदम पर अपमान किया, उन्हें दशकों तक भारत रत्न से दूर रखा। ये वो लोग हैं, जो वीर सावरकर का अपमान करते हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के कारण ऐसी आवाजें खुलेआम उठाई जा रही हैं कि महाराष्ट्र के चुनाव से अनुच्छेद 370 का क्या लेना देना? महाराष्ट्र से जम्मू-कश्मीर का क्या संबंध, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर और यहां के लोग भी केवल मां भारती के बेटे हैं। पीएम मोदी ने हमला करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बाबा साहब आंबेडकर के संविधान को पूरी तरह लागू न करने के प्रयासों के पीछे भी ऐसे ही लोगों का द्रोह है।
प्रधानमंत्री ने सवाल पूछते हुए कहा कि एक समय था जब आए दिन महाराष्ट्र में बम धमाके होते थे। उस समय जो बम धमाके हुए उनके जो मास्टरमाइंड सामने आए वो बचकर निकल गए और दूसरे देशों में जाकर बस गए। आज उन लोगों से भारत देश पूछता है कि इतने बड़े गुनहगार कैसे बचकर निकल गए। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से आप सभी खुश हैं, लेकिन उनका चेहरा उतर गया है, उन्हें दर्द हो रहा है।
रैली के दौरान पीएम मोदी ने सरकार की योजनाओं के तहत जनता को मिल रही सुविधा के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, ‘बीते 5 सालों में गरीबों के सशक्तिकरण से सशक्त परिवार, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में हमने कार्य किया। उज्ज्वला योजना से लेकर आवास योजना तक, आयुष्मान योजना से लेकर मुद्रा योजना तक का लाभ समाज के सभी वर्ग के लोगों को मिला। बता दें कि महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को चुनाव हैं और 24 अक्टूबर को परिणाम आने हैं।

You missed

error: Content is protected !!