(फोटो राकेश शर्मा)
रतलाम। जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में 10 अप्रैल को बोहरा समाज के एक कर्मचारी के साथ हुई करीब 20 लाख रूपए की लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए है, जबकि 4 अभी फरार है। लूट के बाद हैसियत से ज्यादा खर्च करने, घर में फ्रीज, एलसीडी टीवी खरीदने के कारण आरोपी पुलिस की नजर में आ गए थे।
शनिवार को एसपी अमित सिंह ने लूट की इस वारदात का खुलासा किया। आरोपियों के नाम सलीम उर्फ बिल्ला निवासी अंजुमन कॉलोनी आलोट, नासिर पिता नन्हे खां निवासी अंजुमन कॉलोनी आलोट, शाहरूख पिता अजीज खां निवासी अंजुमन कॉलोनी आलोट और अरबाज उर्फ गोलू पिता जाकिर हुसैन निवासी शंकर मंदिर रोड़ कुम्हार नाका आलोट है। इस वारदात में इनके सहयोगी रहे मोहम्मद हुसैन उर्फ भय्यू लंगड़ा उर्फ नाजिर निवासी कुम्हारीपुरा आलोट, एजाज उर्फ एजु पिता रहीमगुल निवासी नागदा, दीपक वर्मा व राजू निवासी देवास फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार 4 आरोपियों से 5 लाख रूपए, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूट के पैसों से खरीदा गया सामान और अन्य चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की है। एसपी अमित सिंह के अनुसार फरार आरोपियों के पास से भी करीब 15 लाख रूपए जब्त होने की संभावना है। एसपी सिंह के अनुसार इस वारदात को ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाने वाली टीम के सदस्यों को 10 हजार रूपए ईनाम की घोषणा की गई है, इसके साथ ही एडीजी को 30 हजार रूपए ईनाम घोषित करने की अनुसंशा की जा रही है। इस टीम में सीएसपी दीपक शुक्ला, टीआई एमपीएस परिहार, अजय सारवान, एसआई अनिल जाधव, एएसआई ईशा खान, हेड कांस्टेबल दिनेश भदौरिया, कांस्टेबल धर्मेंद्र जाट, यूसूफ अंसारी, हर्षवर्धन, घनश्याम नागर, मनोज पांडेय, संदीप का अहम योगदान रहा है।
अखबार में खबर के बाद की रैकी
जावरा में मारूती इंटरप्राइजेस पर काम करने वाले सैफुद्दीन पिता फकरूद्दीन बोहरा का कुछ माह पहले एक्सीडेंट हुआ था और करीब 8 लाख रूपए से भरा बैग गिर गया था। इसे पुलिस ने वापस लौटाया। अखबारों में इसकी खबर छपी, इसके बाद से ही आरोपियों ने सैफुद्दीन की रैकी शुरू की थी। इन्हें पता चल गया था कि सैफुद्दीन के पास फर्म के लाखों रूपए रहते है। 10 अप्रैल को 8 आरोपियों ने प्लानिंग के साथ ईदगाह रोड़ से मंडी के बीच लूट की और आलोट की ओर भाग निकले।
