• Fri. Aug 14th, 2026

पोकरण फायरिंग रेंज में युद्धाभ्यास के दौरान टी-90 टैंक की बैरल फटी, सेना ने शुरू की जांच

BySurendra Jain

Aug 29, 2019

जयपुर। राजस्थान के सीमावर्ती जैसलमेर में स्थित पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में टैंक फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान सेना के सबसे शक्तिशाली माने जाने वाले टैंक-90 “भीष्म” का बैरल जोरदार धमाके के साथ फट गया। टैंक से फायर किए जाने के दौरान गोला टैंक के बैरल में ही फट गया। इस दौरान किसी जवान के हताहत होने की बात सामने नहीं आई है।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक, ऐसा पहली बार हुआ है कि सबसे शक्तिशाली माने जाने वाले टैंक “भीष्म”बैरल फटा हो। सेना ने इसकी जांच शुरू कर दी है। जांच की जा रही है कि बैरल फटने का क्या कारण रहा। यह हादसा बुधवार देर शाम को उस समय हुआ, जब टी-90 रशियन युद्धक टैंक पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में टैंक फायरिंग प्रैक्टिस में हिस्सा ले रहा था। टी-90 युद्धक टैंक एक खास प्रकार का टैंक है जो रात में भी दुश्मन के ठिकानों पर हमला करने में सक्षम है।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना के पास वर्तमान में 1070 टी-90 टैंक है। सेना में इसे भीष्म के नाम से पहचाना जाता है। सेना साल,2001 से इन टैंकों का प्रयोग कर रही है। पाकिस्तान से सटी राजस्थान की सीमा पर भी ये टैंक तैनात किए गए हैं। फिलहाल, सेना पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में युद्धाभ्यास के दौरान इन टैंकों की मारक क्षमता का परीक्षण कर रही है।

You missed

error: Content is protected !!