मुंबई। अमेरिका और चीन के बीच चल रहे ट्रेड वॉर की वजह से जहां चीन व दुनिया के दूसरे बाजारों में बड़ी गिरावट नजर आई है वहीं भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के पहले कारोबारी दिन जबरदस्त तेजी दिखाई दे रही है। आज बाजार 200 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ खुला और दिन का कामकाज खत्म होते होते इसमें 792 अंकों की जबर्दस्त तेजी दर्ज की गई।
बाजार बंद होने के दौरान प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स जहां 37,494.12 के स्तर पर कारोबार था, वहीं निफ्टी 228 अंकों की बढ़त के साथ 11,057 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
इससे पहले दोपहर 1.40 बजे के असापास सेंसेक्स जहां 630 अंकों की तेजी के साथ 37,329 के स्तर पर कारोबार कर रहा था वहीं निफ्टी 178 अंक चढ़कर 11,057 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
सुबह 9.40 बजे प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स जहां 185 अंकों की बढ़त के साथ 36,883 के स्तर पर कारोबार कर रहा था वहीं निफ्टी 40 अंकों की बढ़त के साथ 10,868 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
हालांकि, इसके कुछ ही पलों बाद इसमें गिरावट नजर आने लगी और सेंसेक्स जहां सीधे लाल निशान पर आ गया और 14 अंकों की गिरावट के साथ 36,657 के स्तर पर कारोबार करता दिखा वहीं निफ्टी 13 अंक फिसलकर 10,815 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
सोने चांदी के भाव बढ़े
अमेरिका और चीन के बीच जारी ट्रेड वॉर की वजह से सोने और चांदी के भाव 6 साल के नए स्तर पर पहुंच गए हैं। इन दिनों निवेशक सोने में ही पैसा लगाना पसंद कर रहे हैं। एमसीएक्स पर सोना जहां 39,000 से 40,000 के स्तर तक जा सकता है वहीं चांदी 48,000 के स्तर तक जा सकती है।
डाउ जोंस 224 अंक गिरा
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर की वजह से अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 224 अंक गिर गया। नेस्डेक 100 और S&P 500 में भी गिरावट नजर आई। ट्रंप द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने की वजह से चीनी युआन 11 साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है।
शेयर बाजार में आई जबर्दस्त तेजी, सोमवार को सेंसेक्स 792 अंक बढ़कर हुआ बंद
