• Sat. Aug 15th, 2026

जन्माष्टमी पर निकला RSS का पथ संचलन, स्वयंसेवकों ने बजाई बांसुरी

BySurendra Jain

Aug 23, 2019

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में द्वारिका, बद्रीनाथ, रामेश्वरम व जगन्नाथ जिले में बंशी वादन का कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें 800 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विभाग संघचालक शैलेन्द्र महाजन व विभाग घोष प्रमुख अनिल पंचवल भी मौजूद थे।
बांसुरी वादन के बाद स्वयंसेवक संचलन के रूप में शिव मंदिर गुमाश्ता नगर, नाकोड़ा चौराहा, रणजीत हनुमान मंदिर होते हुए मेन रोड से पुन: वेंकटेश मंदिर पहुंचे। कार्यक्रम की तैयारी कई दिनों से चल रही थी। देवस्थान ट्रस्ट के ट्रस्टी पुरुषोत्तम पसारी ने बताया कि संघ का यह आयोजन इंदौर के चार बड़े मंदिर में होगा, जिसमें एक आयोजन गुमाश्ता नगर में सुबह 9 बजे से होगा।
रजत रथ पर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान कृष्ण
यादव अहीर समाज केंद्रीय समिति के तत्वावधान में समाज के 30 संगठनों की भागीदारी में जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा 23 अगस्त को सुबह 11 बजे बड़ा गणपति से चिमनबाग चौराहा तक निकलेगी। इसमें भगवान कृष्ण के रजत रथ को महिलाएं गोपियां बन हाथों से खीचेंगी। इसमें शामिल समाजजन के लिए यात्रा में इस बार एंबुलेंस भी रहेगी और यातायात की व्यवस्था की जिम्मेदारी समाज के रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों के हाथों में होगी। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष ओंकार यादव और दीपू यादव ने बताया कि यात्रा में आठ हजार समाजजन भाग लेंगे।
यातायात व्यवस्था के लिए समाज के रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में 50 युवाओं की टीम रहेगी। मथुरा-वृंदावन की टोली कृष्ण लीलाओं का मंचन करेगी। पांच झांकियों के जरिये भगवान कृष्ण के जीवन प्रसंगों को दिखाया जाएगा। मार्ग में 110 मंचों के जरिये यात्रा का स्वागत होगा। बच्चे बाल गोपाल के स्वरूप में चलेंगे। यात्रा के समापन पर समाज के 21 बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। इसमें कृषि मंत्री सचिन यादव, स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट, उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी शामिल होंगे।

You missed

error: Content is protected !!