• Sun. Nov 1st, 2026

इंदौर-रतलाम हाईवे पर ढाबे के सामने अफीम लेकर ग्राहक को देने पहुंचा युवक गिरफ्तार, पेंट की जेब में छिपाकर रखी थी 210 ग्राम अफीम

BySurendra Jain

Nov 1, 2026

खबर पक्की, 1 नवंबर, रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलपांक पुलिस ने इंदौर-रतलाम हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 210 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सिमलावदा में अफीम लेकर किसी को देने पहुंचने वाला था। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद अफीम की कीमत करीब 42 हजार रुपए आंकी है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को थाना बिलपांक में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अजय रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिमलावदा स्थित शेर पंजाब ढाबे के सामने एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर किसी को देने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम हुसैन पिता इब्राहीम हुसैन (28), निवासी शमीमाबाद, बरखेड़ा कला, जिला रतलाम बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पेंट की दाहिनी जेब में रखी पॉलीथीन की थैली से कथई रंग का पदार्थ मिला। जांच में पदार्थ अफीम पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर पॉलीथीन सहित उसका वजन 210 ग्राम निकला। पुलिस ने अफीम को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया।
पुलिस ने आरोपी सद्दाम हुसैन के विरुद्ध थाना बिलपांक में धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अफीम की उपलब्धता और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आगे की विवेचना की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में की गई।

You missed

error: Content is protected !!