• Sun. Nov 1st, 2026

झाली तालाब में 50 घंटे बाद मिला युवक का शव : एसडीआरएफ की तलाश नाकाम रही, रतलाम में आधी रात पानी के ऊपर आया शव

BySurendra Jain

Nov 1, 2026

खबर पक्की, 1 नवंबर, रतलाम। रतलाम में कालिका माता मंदिर परिसर के झाली तालाब में गुरुवार रात डूबे 22 वर्षीय सोनू बैरागी का शव 50 घंटे बाद शनिवार रात 2.40 बजे पानी के ऊपर आ गया। इसके पहले दिनभर एसडीआरएफ ने उज्जैन से दो गोताखोरों को भी बुलाकर पानी के अंदर उतारा था। पानी के अंदर कैमरा भी डाला था। लेकिन वह नहीं मिल पाया था। युवक को तलाश नहीं कर पाने पर एसडीआरएफ के आपदा प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शनिवार रात करीब 9 बजे के बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू बंद कर दिया था। सभी चले गए थे। लेकिन आधी रात में शव तालाब में पानी के बीच ऊपर आ गया। रात में सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस व एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। तालाब के बीच नाव से जाकर शव को तालाब किनारे लेकर आए। रात में शव को मेडिकल कॉलेज भेजा।
तीन दिन से तलाश जारी थी
युवक सोनू रायसेन जिले के ग्राम सालेरा का रहने वाला था और रतलाम में कालिका माता नवरात्रि मेले में लगे उज्जैन के झूले पर काम करने आया था। गुरुवार रात अपने दो से तीन दोस्तों के साथ वह तालाब किनारे पहुंचा था। जहां तालाब पार करने की शर्त पर युवक तालाब में कूद गया था। जहां रात करीब 1 बजे वह डूब गया था।
हालांकि शर्त लगने की बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। युवक के पानी में तैरने व डूबने का वीडियो भी आया था। तीन दिन से एसडीआरएफ के सैनिक युवक को तालाब में तलाश रहे थे, लेकिन नहीं मिला। यहां तक एसडीआरएफ के पास स्थानीय गोताखोर भी नहीं थे, उज्जैन से बुलाने पड़े। लेकिन वे भी युवक को तलाश नहीं कर पाए।
माता-पिता समेत परिवार के 15 लोग आए
बेटे के तालाब में डूबने की सूचना पर युवक के पिता रंजनसिंह, मां, अंकल इंदरसिंह, भाई दानसिंह समेत परिवार के 15 लोग आए थे। मां ने आरोप लगाया था कि बेटे को जानबुझकर उसके दोस्त तालाब पर लेकर गए थे। पुलिस ने उसके साथ गए दोस्तों को भी नहीं तलाशा।
तीन दिन में पुलिस युवकों को नहीं तलाश कर पाई
युवक के डूबते हुए का वीडियो सामने आने के बाद उसमें दो से तीन लड़के तालाब किनारे भागते हुए नजर आए थे। जिसने वीडियो बनाया था उसकी भी आवाज आ रही थी। इन तीन दिनों में पुलिस न तो उन युवकों से को तलाश कर पाई। युवक जिस झूले पर काम करता था वहां भी पूछताछ नहीं की।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि शव रात में पानी में ऊपर आ गया। रात के अंधेरे में युवक अभी चिन्हित नहीं हो पाए हैं। झूले वाले से भी बातचीत करना है। क्षेत्र के सीसीटीवी देखे जांएगे। एसडीईआरएफ के प्लाटून कमांडर बद्री मंडलोई को भी कॉल व मैसेज किया। लेकिन कोई जवाब नहीं दिया।

You missed

error: Content is protected !!