रतलाम। शहर के जवाहर नगर इलाके में रहने वाले एक युवक को भाटपचलाना थाना क्षेत्र के भुवांसा गांव में बंधक बनाकर रखे जाने और उसकी बुरी तरह पिटाई करने का मामला सामने आया है। कामर्स कॉलेज, 6 सेमेस्टर का छात्र जयेश का जवाहर नगर में ही रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग है, इस युवती ने ही जयेश को फोन कर भुवांसा बुलाया और बाद में युवती के रिश्तेदारों ने जयेश और उसके एक दोस्त को मवेशियों के तबेले में रातभर बांधकर बुरी तरह पिटाई की। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस जब तक मौके पर पहुंची जयेश और उसके दोस्त की हालत ऐसी हो गई थी कि वे दो कदम भी नहीं चल सकता थे।
घायल युवक जयेश के पिता सुरेशचंद्र जाजोरिया ड्राइवर है। नजदीक ही रहने वाली युवती के साथ 7 साल से जयेश का प्रेम प्रसंग है। इस युवती को उसके रिश्तेदार कुछ दिन पहले ही रतलाम से भुवांसा गांव ले गए थे। 2 जुलाई की रात युवती ने जयेश को फोन कर भुवांसा बुलवा लिया। कहा- परिवार वाले मुझे मार देंगे, तुम मुझे लेने आ जाओ। जयेश अपने दोस्त दीपक कुशवाह के साथ मोटरसाइकिल से भुवांसा गांव पहुंचा। युवती के परिजन यहां पहले से तैयार बैठे थे, दोनों को पकड़ा, तबेले में बांधा और बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। सुबह होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद भाटपचलाना थाने पर दोनों युवकों को लाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण दर्ज किया है।
