रतलाम। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग(पीएचई) के एक एसडीओ द्वारा 3 गांवो में बोरवेल खनन करने के एवज में 5 हजार रूपए रिश्वत मांगे जाने का प्रकरण सामने आया है। मंगलवार को प्रकरण कलेक्टर तक पहुंचा तो उन्होंने एसडीओ के वरिष्ठ अधिकारी कार्यपालन यंत्री(ईई) को अपने कार्यालय बुलाया, एसडीओ की करतूत बताई और प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए।
मामला, जिले की पिपलोदा तहसील का है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पिपलोदा जनपद की ग्राम पंचायत आंबा की सरपंच मीराबाई के पति पिरूलाल चारेल जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर बताया कि पिपलोदा के एसडीओ विजय कुमार शर्मा ने उनकी पंचायत के 3 गांवो में नलकूप खनन के एवज में 5 हजार रूपए की रिश्वत ली है। प्रकरण सामने आने के बाद कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने तत्काल ही ईई के.पी. वर्मा को बुलाया और शिकायतकर्ता व गवाह के बयान दर्ज करने को कहा। इस मामले में वर्मा ने मीडियाकर्मियों को बताया है कि शिकायतकर्ता, गवाह और एसडीओ सभी को गुरूवार को तलब किया गया है। प्रकरण की जांच रिपोर्ट जल्द ही कलेक्टर को सौंप दी जाएगी। प्रकरण में विजय कुमार शर्मा की ओर से फिलहाल कोई पक्ष नहीं रखा गया है।
